चंडीगढ़ के चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी: डॉग स्क्वायड ने खंगाले परिसर, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच

डॉग स्क्वायड ने खंगाले परिसर, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच

चंडीगढ़ में एक साथ चार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट कर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्कूलों में जांच शुरू कर दी। पुलिस टीमों के साथ बम डिटेक्शन टीम और डॉग स्क्वायड को भी लगाया गया है। स्कूल परिसरों के साथ आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल किसी स्कूल से वास्तविक विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है।

धमकी की सूचना जिन स्कूलों को लेकर सामने आई है, उनमें सेक्टर-9बी स्थित कॉर्मेल कॉन्वेंट स्कूल, सेक्टर-26 का सेंट जॉन्स हाई स्कूल, सेक्टर-26 का ही सेक्रेड हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सेक्टर-45बी स्थित सेंट स्टीफंस स्कूल शामिल हैं। कंट्रोल रूम में सूचना पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित टीमों को तत्काल मौके पर भेजा। टीमों ने स्कूल परिसरों और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेकर सुरक्षा जांच शुरू कर दी।

धमकी के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी किस नंबर से आई और कॉल के दौरान वास्तव में क्या कहा गया? इसकी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियां धमकी से जुड़े तकनीकी सुराग जुटाने में लगी हैं। पुलिस प्रत्येक स्कूल की सुरक्षा जांच के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी का स्रोत क्या है ? और इसमें कितनी सच्चाई है? एक ही समय में शहर के अलग-अलग सेक्टरों में स्थित चार स्कूलों को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

CISF कंट्रोल रूम को भी मिल चुकी है धमकी

चंडीगढ़ में इससे पहले पंजाब एवं हरियाणा सचिवालय स्थित सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को भी ई-मेल के जरिए बम धमकी मिली थी। सूचना के बाद ऑपरेशन सेल, डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंची थीं और पूरे क्षेत्र की जांच की गई थी। हालांकि, उस मामले में भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। अब चार स्कूलों को मिली ताजा धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।