आज से बदले कई नियम; कॉमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता: पासपोर्ट महंगा, बिना टिकट सफर पर बढ़ा जुर्माना

1 घंटा पहले
पासपोर्ट महंगा, बिना टिकट सफर पर बढ़ा जुर्माना

एक जुलाई से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियम बदल गए हैं। जहां कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती कर कारोबारियों को राहत दी गई है। वहीं पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है। ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने पर जुर्माना भी दोगुना कर दिया गया है। इसके अलावा डीजल बिक्री पर लगी सीमा हटाने, नायरा एनर्जी के पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने, आधार अपडेट को मुफ्त करने और कारों की कीमतों में बढ़ोतरी जैसे फैसले भी लागू हो गए हैं।

तेल कंपनियों ने आज से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में औसतन 180 रुपये तक की कटौती की है। दिल्ली में इसकी नई कीमत 2,930 रुपये तय की गई है, जो पहले 3,113.50 रुपये थी। इसी तरह कोलकाता में सिलेंडर 3,081.50 रुपये, मुंबई में 2,885.50 रुपये और चेन्नई में 3,106 रुपये का हो गया है। हालांकि 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि इससे होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार की लागत कम होगी। इसका लाभ ग्राहकों को भी मिल सकता है।

डीजल बिक्री पर लगी पाबंदी खत्म, पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी

पेट्रोलियम मंत्रालय ने पेट्रोल पंपों पर एक वाहन को प्रतिदिन केवल 200 लीटर डीजल देने की सीमा समाप्त कर दी है। साथ ही फैक्ट्रियों और बड़े व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर लगी रोक भी हटा ली गई है। यह प्रतिबंध 11 जून को ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण लगाया गया था। इसे 29 जून के आदेश के बाद वापस ले लिया गया। दूसरी ओर, केंद्र सरकार ने 14 वर्ष बाद पासपोर्ट शुल्क में बढ़ोतरी लागू कर दी है। अब 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 1,500 रुपये से बढ़कर 2,500 रुपये और तत्काल सेवा की फीस 3,500 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये हो गई है। इसी तरह 60 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट की फीस 3,500 रुपये और तत्काल सेवा की फीस 6,000 रुपये कर दी गई है।

बिना टिकट सफर महंगा, नायरा ने घटाए ईंधन के दाम

रेल मंत्रालय ने बिना टिकट यात्रा करने पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को 250 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया है। अब पकड़े जाने पर यात्री को वास्तविक किराए के साथ कम से कम 500 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। गंभीर मामलों में मजिस्ट्रेट कोर्ट दोषी पाए जाने पर छह महीने तक की जेल, 1,000 रुपये का जुर्माना या दोनों सजा भी दे सकता है। वहीं निजी ईंधन रिटेलर नायरा एनर्जी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। कंपनी के देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप हैं। इस निर्णय से परिवहन लागत कम होने और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।

आधार अपडेट मुफ्त, नई कार खरीदना महंगा

यूआईडीएआई ने आधार कार्ड में ईमेल एड्रेस अपडेट कराने पर लगने वाला 75 रुपये का शुल्क 31 दिसंबर 2026 तक समाप्त कर दिया है। इस अवधि में नागरिक बिना किसी शुल्क के अपना ईमेल अपडेट करा सकेंगे। वहीं ऑटोमोबाइल कंपनियों ने भी एक जुलाई से वाहनों की कीमतों में बढ़ोतरी लागू कर दी है। किया इंडिया ने अपने सभी मॉडलों के दाम में दो प्रतिशत तक वृद्धि की है, जबकि टाटा मोटर्स ने अपने वाहनों की कीमतों में 1.5 प्रतिशत तक इजाफा किया है। इसके चलते नई कार खरीदने वाले ग्राहकों को अब पहले की तुलना में अधिक कीमत चुकानी होगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।