दिल्ली में एसी ब्लास्ट से भीषण आग: नौ लोगों की मौत, 15 लोगों को सुरक्षित निकाला बाहर

पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पॉश इलाके की एक चार मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में एसी ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। अब तक नौ लोगों की बॉडी बरामद की जा चुकी हैं, जबकि कई लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार और धुएं के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। बिल्डिंग में कुल आठ परिवार रहते थे, जिससे नुकसान ज्यादा होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। हालांकि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है। फायर ब्रिगेड की टीम बिल्डिंग के हर फ्लोर की सर्चिंग कर रही है, ताकि कोई भी व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद हैं और पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
घटनास्थल पर पहुंचे डीसीपी
शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग बिल्डिंग के एक फ्लैट में लगी और तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। खासतौर पर दूसरी मंजिल पर ज्यादा नुकसान हुआ, जहां से कई बॉडी बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि अभी सर्च ऑपरेशन जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। शुरुआती जांच में एसी ब्लास्ट को आग लगने की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट कारण सामने आएगा।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया भयावह मंजर
स्थानीय निवासी ने बताया कि सुबह करीब 03:13 बजे अचानक धमाके की आवाज आई और आग लग गई। उन्होंने कहा कि 12 से 15 लोगों को बचा लिया गया, लेकिन कुछ लोग अभी भी लापता हैं। वहीं एक अन्य निवासी ने बताया कि फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि कई लोगों को बालकनी के जरिए बाहर निकाला गया, लेकिन कुछ फ्लैट्स में अब भी लोगों के फंसे होने की आशंका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का समय ही नहीं मिला।
गोकुलपुरी में भी एसी ब्लास्ट से हादसा
इसी तरह का एक और दर्दनाक हादसा शनिवार को दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में हुआ। यहां एसी में धमाके के बाद आग लग गई, जिसमें एक चार साल के बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे का नाम यक्षित था। हादसे के समय वह अपने बड़े भाई और नानी के साथ कमरे में था। नानी कुछ समय के लिए बाहर गई थीं, तभी कमरे से धुआं उठने लगा। वापस आने पर उन्होंने देखा कि दोनों बच्चे झुलस चुके थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने यक्षित को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके भाई प्रियांशु की हालत गंभीर बनी हुई है।

बढ़ते हादसे और लापरवाही पर सवाल
इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर एसी सुरक्षा और रखरखाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गर्मी के मौसम में एसी का इस्तेमाल बढ़ जाता है, लेकिन सही मेंटेनेंस न होने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि ओवरहीटिंग, खराब वायरिंग या समय पर सर्विस न होने के कारण ऐसे हादसे होते हैं। लगातार चलने से भी एसी पर दबाव बढ़ता है, जिससे ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है।
जरूरी सावधानियां जो बचा सकती हैं जान
ऐसे हादसों से बचने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है। एसी को लगातार घंटों तक न चलाएं, बीच-बीच में उसे बंद कर दें। अगर एसी से कोई असामान्य आवाज, बदबू या स्पार्किंग दिखे, तो तुरंत उसे बंद करें और तकनीशियन से जांच कराएं। समय-समय पर एसी की सर्विस और सफाई करवाना भी जरूरी है। इसके अलावा सही वायरिंग और अच्छी क्वालिटी के उपकरणों का इस्तेमाल करना चाहिए। थोड़ी सी सावधानी बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










