दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ से पहले स्विस फ्लाइट का इंजन फेल, आग लगी; 232 यात्री सुरक्षित निकाले गए

इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात एक बड़ा विमान हादसा टल गया। स्विस इंटरनेशनल एयर लाइंस की फ्लाइट एलएक्स 147 टेकऑफ के दौरान तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। विमान का एक इंजन अचानक फेल हो गया और उसमें आग लग गई। पायलट की सूझबूझ से विमान को तुरंत रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस फ्लाइट में 232 लोग सवार थे जिनमें चार नवजात भी शामिल थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि छह लोग हल्के रूप से घायल हो गए।
यह घटना रात करीब 1:08 बजे की है। फ्लाइट एलएक्स 147 को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के लिए रवाना होना था। जैसे ही विमान रनवे पर टेकऑफ के लिए आगे बढ़ा, अचानक उसके बाएं इंजन में खराबी आ गई। अधिकारियों के अनुसार, विमान के लैंडिंग गियर के पास से धुआं उठता देखा गया। कुछ ही सेकंड में आग की लपटें भी दिखने लगीं। स्थिति को गंभीर देखते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया और विमान को रनवे पर ही खड़ा कर दिया।
इमरजेंसी स्लाइड से निकाले गए यात्री
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया। फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। विमान में सवार सभी यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। यह पूरी प्रक्रिया तेजी और सतर्कता के साथ पूरी की गई। हालांकि, जल्दबाजी और घबराहट के कारण छह यात्रियों को मामूली चोटें आईं। उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता दी गई। सभी यात्री अब सुरक्षित हैं।
जांच के लिए टीम भेजी जाएगी
एयरलाइन ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि विमान एयरबस ए330 था जिसमें टेक्निकल फॉल्ट आया। कंपनी ने बताया कि उनकी लोकल टीम दिल्ली में मौजूद है और यात्रियों की देखभाल कर रही है। साथ ही, इस घटना के कारणों की जांच के लिए विशेषज्ञ टीम जल्द ही दिल्ली पहुंचेगी। एयरलाइन ने यह भी कहा कि सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और हर पहलू की गहराई से जांच की जाएगी।
पिछले 10 दिनों में दूसरी बड़ी घटना
दिल्ली एयरपोर्ट पर यह पिछले 10 दिनों में दूसरा बड़ा एविएशन इंसीडेंट है। इससे पहले 16 अप्रैल को दो विमानों के बीच टक्कर की घटना सामने आई थी। उस घटना में स्पाइसजेट और अकाशा एयर के विमान आपस में टकरा गए थे। अकासा एयर का विमान हैदराबाद के लिए तैयार खड़ा था तभी स्पाइसजेट का विमान उससे टकरा गया। हालांकि, उस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई थी और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
एविएशन सेफ्टी पर उठे सवाल
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने एयरपोर्ट सेफ्टी और विमान मेंटेनेंस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इतने व्यस्त एयरपोर्ट पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन जरूरी है। विशेषज्ञों का मानना है कि टेक्निकल चेक और ग्राउंड ऑपरेशन को और मजबूत करने की जरूरत है। ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










