हिमाचल में बेंगलुरु के आठ पर्यटकों की मौत: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी टैक्सी, दो बच्चे भी हादसे का शिकार

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित दुर्गम बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में बेंगलुरु से घूमने आए आठ पर्यटकों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पर्यटक बर्फबारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए साच पास क्षेत्र की ओर जा रहे थे।तभी उनकी टैक्सी अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी बॉडी को खाई से निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बेंगलुरु से आए दो परिवार डलहौजी घूमने पहुंचे थे। शुक्रवार को उन्होंने स्थानीय स्तर पर एक टैक्सी बुक की। दोपहर के समय साच पास क्षेत्र की ओर रवाना हुए। साच पास अपनी बर्फ से ढकी चोटियों और मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों के लिए पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय माना जाता है। देर शाम तक जब टैक्सी वापस नहीं लौटी तो वाहन मालिक को चिंता हुई। उसने वाहन की जीपीएस लोकेशन ट्रैक की। जिसमें गाड़ी कालावन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर स्थिर दिखाई दी। इसके बाद संभावित अनहोनी की आशंका को देखते हुए स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की गई।
दुर्गम क्षेत्र और खराब मौसम बना चुनौती
शनिवार को खोजबीन के दौरान वाहन के गहरी खाई में गिरने की जानकारी मिली। प्रशासन को तुरंत सूचना दी गई। दुर्घटनास्थल अत्यंत दुर्गम होने और मौसम प्रतिकूल होने के कारण तत्काल राहत कार्य शुरू नहीं किया जा सका। खड़ी पहाड़ियों, फिसलन भरे रास्तों और मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता ने बचाव अभियान को और कठिन बना दिया। यही वजह रही कि दुर्घटना के कई घंटे बाद तक राहत दल घटनास्थल तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाए।
ह्यूमन चेन और रस्सियों के सहारे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
रविवार को मौसम में कुछ सुधार होने के बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया। गहरी खाई में फंसी बॉडी को बाहर निकालने के लिए ह्यूमन चेन बनाई गई। रस्सियों और अन्य उपकरणों की मदद ली गई। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी बॉडी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा चालक की लापरवाही, खराब मौसम या सड़क की कठिन परिस्थितियों के कारण हुआ। प्रशासन ने कहा है कि तकनीकी जांच और प्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पर्यटकों की मौत से हिमाचल प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में भी शोक की लहर है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









