मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत: बिरयानी के बाद खाया तरबूज, फूड पॉइजनिंग की आशंका

27 अप्रैल 2026
बिरयानी के बाद खाया तरबूज, फूड पॉइजनिंग की आशंका

मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो नाबालिग बेटियां शामिल हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, परिवार ने रात में बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया था। इसके कुछ घंटों बाद ही सभी की तबीयत बिगड़ने लगी।

पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे परिवार के कुल नौ सदस्य एक साथ डिनर कर रहे थे। सभी ने मिलकर बिरयानी खाई। डिनर के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए। इसके बाद रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच परिवार के चार सदस्यों- अब्दुल्लाह डोकड़िया (40), उनकी पत्नी नसरीन (35) और बेटियां आईशा (16) और जैनब (13) ने तरबूज खाया। उस समय किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। सब सामान्य था। लेकिन सुबह होते-होते हालात बदल गए। करीब 5:30 से 6:00 बजे के बीच चारों को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। परिवार के लोगों ने तुरंत डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज किया लेकिन हालत तेजी से बिगड़ती गई। इसके बाद चारों को अस्पताल ले जाने का फैसला किया गया।

अस्पताल में एक-एक कर हुई मौत

चारों को इलाज के लिए जे.जे. अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन हालत गंभीर बनी रही। सबसे पहले छोटी बेटी जैनब की सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई। पिता अब्दुल्लाह ने रात में दम तोड़ दिया था। कुछ ही समय बाद इलाज के दौरान मां नसरीन और बड़ी बेटी आईशा की भी मौत हो गई। इस तरह एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से अस्पताल और इलाके में मातम छा गया।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज किया है। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि खाने में कोई खराबी थी या किसी अन्य कारण से यह घटना हुई।

परिवार में पसरा मातम

इस घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक और डर का माहौल है। एक साथ चार लोगों की मौत ने सभी को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटना पहले कभी नहीं हुई। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है, जिससे इस रहस्यमयी घटना की सच्चाई सामने आएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।