पंजाब में खड़े ट्रक में घुसी कार; चार दोस्तों की मौत: कटर से काटकर निकाली गई बॉडी, नशा मुक्ति केंद्र से फरार हुए थे तीन युवक

15 घंटे पहले
कटर से काटकर निकाली गई बॉडी, नशा मुक्ति केंद्र से फरार हुए थे तीन युवक

पंजाब के गुरदासपुर जिले में मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर नौशहरा मज्झा सिंह के पास एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद कार में फंसी बॉडी को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत टीम को गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। दो युवकों की बॉडी ड्राइविंग सीट के पास इस तरह फंसी थी कि उन्हें निकालने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार हादसे के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जिससे वहां मौजूद आसपास के लोग घबरा गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। उसमें सवार युवक एक-दूसरे के ऊपर गिरे पड़े थे। पीछे की सीट पर बैठे दो युवक सीटों के बीच दबे मिले, जबकि आगे बैठे दोनों युवक आपस में चिपकी अवस्था में फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने कार की बॉडी को कटर से काटकर बॉडी को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

दोस्त से किया था संपर्क

पुलिस जांच में सामने आया है कि हादसे में मारे गए चार युवकों में से तीन हिमाचल प्रदेश स्थित एक निजी नशा मुक्ति केंद्र से फरार हुए थे। मृतकों की पहचान पठानकोट के भदरोआ स्थित टीचर कॉलोनी निवासी विक्रम उर्फ विक्की (31), गंदला लाहड़ी निवासी नरेश कुमार, सरना निवासी विनोद कुमार और जम्मू निवासी राही के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक विनोद, राही और नरेश बीती रात संजीवनी नशा मुक्ति केंद्र से चुपके से भाग निकले थे। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्त विक्रम से संपर्क किया था। जो अपनी कार लेकर उन्हें लेने पहुंचा था। तड़के करीब चार बजे सभी गुरदासपुर-बटाला मार्ग से गुजर रहे थे, तभी उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

ट्रक चालक मौके से फरार

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हादसे के समय कार की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच थी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक के भीतर घुस गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अब हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। जिससे ट्रक और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

हादसे से कुछ देर पहले पत्नी से की थी बात

हादसे में जान गंवाने वाले विक्रम उर्फ विक्की की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वह पठानकोट में एक मैट्रेस शोरूम में काम करता था और दो बच्चों का पिता था। परिजनों के मुताबिक हादसे से कुछ देर पहले उसने पत्नी को फोन कर बताया था कि वह सुबह देर से घर पहुंचेगा और काम पर जाने के लिए कपड़े प्रेस रखने को कहा था। परिवार को क्या पता था कि यह उनकी आखिरी बातचीत साबित होगी। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें