पत्नी और दो बेटों की कुल्हाड़ी से की हत्या: आरोपी ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, एक महीने से चल रहा था विवाद

1 घंटा पहले
आरोपी ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, एक महीने से चल रहा था विवाद

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में घरेलू विवाद ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया। किशनपुर गांव में एक व्यक्ति ने देर रात पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पत्नी के डांस वीडियो को लेकर चल रहा विवाद घटना की वजह माना जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, किशनपुर गांव निवासी 35 वर्षीय बलराम सिंह कुशवाहा बेंगलुरु में मार्बल घिसाई का काम करता था। करीब एक माह पहले गांव लौटा था। इसी दौरान उसे पत्नी रविता कुशवाहा का गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान डांस करने का वीडियो मिला। बताया गया कि गांव के कुछ युवकों ने यह वीडियो व्हाट्सएप के माध्यम से उसे भेजा था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होने लगा। पुलिस के मुताबिक, बलराम पत्नी के बाजार जाने को लेकर भी नाराज रहता था। तनाव बढ़ने पर रविता कुछ दिनों के लिए मायके चली गई थी। लेकिन तीन दिन पहले ही वापस लौटी थी।

घर के आंगन में हुई तिहरी हत्या

प्रारंभिक जांच के अनुसार, बलराम ने घर के आंगन में पहले अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता पर कुल्हाड़ी से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दोनों बेटों, आठ वर्षीय आरव और पांच वर्षीय देबू पर भी जानलेवा वार किए। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से निकलकर शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली।

सुबह खुला हत्याकांड का राज

शनिवार सुबह पड़ोसियों ने घर का मुख्य गेट बाहर से बंद देखा तो उन्हें संदेह हुआ। बाउंड्री ऊंची होने के कारण उन्होंने ऊपर से झांककर देखा। जहां आंगन में महिला और दोनों बच्चों की बॉडी पड़ी मिली। सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस, सीनियर अफसर और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद सामने आया है। सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।