IRCTC का नया बीटा पोर्टल लॉन्च: टिकट बुकिंग होगी सुपरफास्ट, एक स्क्रीन पर दिखेगी सीटों की उपलब्धता

1 घंटा पहले
टिकट बुकिंग होगी सुपरफास्ट, एक स्क्रीन पर दिखेगी सीटों की उपलब्धता

भारतीय रेलवे ने यात्रियों के ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा संस्करण लॉन्च कर दिया है। आधुनिक डिजाइन, तेज प्रोसेसिंग और सरल इंटरफेस के साथ तैयार किए गए इस पोर्टल का उद्देश्य टिकट बुकिंग को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाना है। फिलहाल इसे परीक्षण के तौर पर सीमित उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध कराया गया है। रेलवे का कहना है कि यात्रियों से मिलने वाले सुझावों के आधार पर इसमें आवश्यक सुधार किए जाएंगे। इसके बाद अंतिम संस्करण सभी के लिए जारी किया जाएगा।

नई वेबसाइट का उपयोग करने के लिए यात्रियों को पहले आईआरसीटीसी के मौजूदा पोर्टल पर जाना होगा। वहां होम पेज पर दिखाई देने वाले ‘Explore Beta Now’ विकल्प पर क्लिक करते ही वे नए इंटरफेस पर पहुंच जाएंगे। जिन उपयोगकर्ताओं को बीटा एक्सेस उपलब्ध कराया गया है, वे नए पोर्टल का उपयोग करने के साथ अपने सुझाव भी साझा कर सकेंगे। रेलवे का लक्ष्य परीक्षण पूरा होने के बाद इसे सभी यात्रियों के लिए आधिकारिक रूप से लागू करना है।

टिकट बुकिंग प्रक्रिया हुई अधिक सरल

नई वेबसाइट में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इससे टिकट बुकिंग पहले की तुलना में अधिक तेज और सुविधाजनक हो गई है। अनावश्यक कैप्चा को हटाया गया है। इससे बार-बार सत्यापन की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। साथ ही बेवजह आने वाले पॉप-अप और फ्लैशिंग ग्राफिक्स भी समाप्त कर दिए गए हैं। अब सभी ट्रैवल क्लास में सीटों की उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। टिकट बुकिंग के दौरान चेकआउट प्रक्रिया को भी छोटा किया गया है, जिससे कम चरणों में बुकिंग पूरी हो सकेगी। इसके अलावा सेव किए गए यात्रियों की जानकारी को बेहतर तरीके से इंटीग्रेट किया गया है। इससे दोबारा टिकट बुक करना पहले से अधिक आसान होगा।

24 साल बाद बदला वेबसाइट का स्वरूप

आईआरसीटीसी की मौजूदा वेबसाइट वर्ष 2002 में शुरू की गई थी। पिछले दो दशकों में डिजिटल तकनीक, ऑनलाइन भुगतान और इंटरनेट सेवाओं में बड़े बदलाव आए हैं। इन्हीं परिवर्तनों को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट का डिजाइन पूरी तरह नया तैयार किया गया है। नए पोर्टल में आधुनिक कलर थीम, साफ-सुथरा यूजर इंटरफेस और बेहतर नेविगेशन दिया गया है, जिससे यात्रियों को जरूरी विकल्प आसानी से मिल सकेंगे। रेलवे का मानना है कि नया प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक सहज, तेज और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।