द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच जसपाल राणा का निधन: मनु भाकर समेत कई स्टार खिलाड़ियों को दी नई पहचान, पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक

भारतीय निशानेबाजी जगत को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा। देश के प्रसिद्ध निशानेबाजी कोच और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। राणा लंबे समय से भारतीय पिस्टल निशानेबाजों के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने देश को कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए। उनके निधन की खबर सामने आते ही खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई खिलाड़ियों, खेल संगठनों और खेल प्रेमियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार, जसपाल राणा हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से भारतीय टीम के साथ लौटे थे। बताया जा रहा है कि वापसी के दौरान फ्लाइट में ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां जांच के दौरान हृदय संबंधी समस्या सामने आई। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया और स्टेंट भी डाला गया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
खिलाड़ी से कोच तक शानदार रहा सफर
जसपाल राणा का नाम भारतीय निशानेबाजी के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। उन्होंने अपने खिलाड़ी जीवन में एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई चैंपियनशिप जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में कई पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। उनकी सटीक निशानेबाजी और लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें देश के सबसे सफल निशानेबाजों की श्रेणी में स्थापित किया।
खिलाड़ी के रूप में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली और युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर की सफलता के पीछे भी जसपाल राणा का महत्वपूर्ण योगदान माना जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए अनुशासित प्रशिक्षण प्रणाली विकसित की और आधुनिक तकनीकों के साथ उन्हें मानसिक रूप से भी मजबूत बनाया।
द्रोणाचार्य पुरस्कार से किया सम्मानित
भारतीय निशानेबाजी में उनके योगदान को देखते हुए केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 में उन्हें प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया था। फरवरी 2025 में राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने उन्हें आधिकारिक रूप से 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का हाई-परफॉर्मेंस कोच नियुक्त किया था। उनके नेतृत्व में भारतीय निशानेबाजी टीम ने हाल के वर्षों में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जसपाल राणा का निधन भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने निशानेबाजी में अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित किया। एक मार्गदर्शक के रूप में युवा खिलाड़ियों को नई दिशा दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि खेल के प्रति उनकी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।
जसपाल राणा का निधन केवल एक खिलाड़ी या कोच की विदाई नहीं है। भारतीय के एक ऐसे अध्याय का अंत है जिसने देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। उनके योगदान और उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।











