पारादीप से चीन जा रहा मालवाहक जहाज लापता: बंगाल की खाड़ी में डूबा पोत, 24 विदेशियों में से दो सुरक्षित

बंगाल की खाड़ी में डूबा पोत, 24 विदेशियों में से दो सुरक्षित

ओडिशा के पारादीप बंदरगाह से चीन के लिए रवाना हुआ मालवाहक जहाज एमवी ओशन विनर बंगाल की खाड़ी में लापता हो गया है। जहाज पर 24 विदेशी चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। अब तक दो लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है। वहीं, बाकी सदस्यों और जहाज की तलाश के लिए भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल ने व्यापक अभियान शुरू किया है।

लापता जहाज का पता लगाने के लिए भारतीय नौसेना ने आईएनएस वराद, आईएनएस अनमोल और आईएनएस विजित को अभियान में लगाया है। भारतीय तटरक्षक बल की पारादीप स्थित टीम भी अपने पोत के साथ खोज अभियान में जुटी है। समुद्र के बड़े हिस्से में जहाज और उसके चालक दल के सदस्यों की तलाश की जा रही है।

72 हजार मीट्रिक टन लौह अयस्क लेकर निकला था जहाज

एमवी ओशन विनर 20 अगस्त की रात पारादीप बंदरगाह से चीन के लिए रवाना हुआ था। जहाज पर करीब 72 हजार मीट्रिक टन लौह अयस्क लदा था। म्यांमार के रास्ते चीन की ओर बढ़ रहे इस जहाज से बाद में संपर्क टूट गया। अधिकारियों के अनुसार पारादीप से करीब 220 समुद्री मील दूर पोर्ट ब्लेयर क्षेत्र के पास समुद्री सीमा में जहाज का पता नहीं चल सका। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान जारी

जहाज पर सवार 24 विदेशी नागरिकों में से दो लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि, उनकी पहचान और पद की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। बाकी चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए समुद्र में अभियान लगातार जारी है।

समन्वय से चला अभियान रहीं एजेंसियां

केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने घटना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ओडिशा तट के पास पनामा के झंडे वाले एमवी ओशन विनर से जुड़ी घटना गंभीर है। जहाज पारादीप से चीन के लिए लौह अयस्क लेकर रवाना हुआ था। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां करीबी समन्वय के साथ खोज एवं बचाव अभियान चला रही हैं। फिलहाल प्राथमिकता लापता जहाज और उसके बाकी चालक दल के सदस्यों का जल्द पता लगाना है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।