गुना में पाम ऑयल से भरा टैंकर पलटा: बाल्टी-कैन लेकर पहुंचे लोग, हादसे में कोई जनहानि नहीं

बीनागंज क्षेत्र में पाम ऑयल से भरा टैंकर पलटने के बाद सड़क पर अलग ही नजारा देखने को मिला। टोड़ी रोड पर ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास हुए हादसे के बाद टैंकर से रिफाइंड तेल सड़क और आसपास के गड्ढों में बहने लगा। तेल बहने की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। लोग घरों से बाल्टी, कैन, पतीले और दूसरे बर्तन लेकर आए और सड़क पर बह रहे तेल को भरने लगे। कुछ ही देर में दुर्घटनास्थल पर तेल समेटने की होड़ जैसी स्थिति बन गई।

तेल को बहता देखकर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती गई। कोई बाल्टी लेकर पहुंचा तो किसी के हाथ में कैन, पतीला या डिब्बा था। लोग टैंकर के आसपास जमा होकर तेल भरने में जुट गए। भीड़ में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल थे। हालांकि, दुर्घटनास्थल पर इस तरह जमा होना जोखिम भरा था। पलटे टैंकर और सड़क पर फैले तेल के कारण फिसलने के साथ दूसरी दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ था।

मौके पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को दुर्घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी और पलटे हुए टैंकर के पास जाने को खतरनाक बताया। इसके बावजूद कई लोग तेल भरने में लगे रहे। भीड़ को नियंत्रित करने और मौके पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

शराब के नशे में था चालक

जानकारी के अनुसार टैंकर क्रमांक MP 13-4948 इंदौर से मंडीदीप जा रहा था। इसका चालक ब्यावरा निवासी राकेश मीणा बताया गया है। पुलिस के अनुसार चालक के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है। कथित तौर पर नशे के कारण वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और टैंकर सड़क किनारे पलट गया। राहत की बात रही कि उस समय सामने से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा टल गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस की हिरासत में चालक

हादसे के बाद पुलिस ने मौके की स्थिति संभाली और यातायात को व्यवस्थित कराया। इसके बाद टैंकर को सीधा करने के लिए क्रेन और ब्यावरा से बुलाई गई हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। कैंट और स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।