मुंबई में द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच पर छेड़छाड़ का केस दर्ज: छात्रा को वॉट्सएप मैसेज कर जिम बुलाया, हाथ पकड़कर गोद में बैठाया

द्रोणाचार्य अवॉर्ड से सम्मानित मलखंभ कोच गणेश प्रभाकर देवरुखकर के खिलाफ छात्रा की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। छात्रा ने कोच पर जिम्नेजियम में उसके साथ यौन दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा मुंबई के एक कॉलेज में पढ़ती है और कई साल से आरोपी कोच से जिमनास्टिक की ट्रेनिंग ले रही थी। शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी कोच फरार है और मुंबई पुलिस उसकी तलाश के साथ मामले की जांच कर रही है।
शिकायत के मुताबिक, छात्रा घर पर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसके मोबाइल पर कोच का वॉट्सएप मैसेज आया, जिसमें सिर्फ हाय लिखा था। छात्रा ने भी जवाब में हाय लिखा और अपनी मां को इसकी जानकारी दी। मां के कहने पर छात्रा ने कोच से मैसेज करने की वजह पूछी। आरोप है कि कोच ने उससे उसकी लोकेशन पूछी और खाली होने पर जिम्नेजियम आने को कहा। कई वर्षों से ट्रेनिंग लेने के कारण छात्रा को लगा कि उसे जिमनास्टिक से संबंधित किसी काम के लिए बुलाया गया है। इसके बाद वह जिम पहुंच गई।
अंदर से दरवाजा बंद करने को कहा
पुलिस को दी शिकायत में छात्रा ने बताया कि जिम्नेजियम पहुंचने पर कोच वहां अकेला था। आरोप है कि उसने छात्रा से चप्पल अंदर लाने और दरवाजा भीतर से बंद करने को कहा। इसके बाद दोनों के बीच कॉलेज और पढ़ाई को लेकर बातचीत हुई। छात्रा का आरोप है कि इसी दौरान कोच ने उसका बायां हाथ पकड़कर उसे अपनी ओर खींचा और गोद में बैठा लिया। छात्रा ने उठने की कोशिश की तो उसने पीछे से उसकी कमर पकड़ ली और उसके साथ छेड़छाड़ की।
कॉलेज पहुंचकर टीचर को बताई पूरी घटना
घटना के बाद छात्रा जिम्नेजियम से सीधे कॉलेज पहुंची। उसे परेशान देखकर सहेलियों ने वजह पूछी। छात्रा ने कॉलेज की एक टीचर को पूरी घटना बताई। इसके बाद टीचर ने उसके परिवार को जानकारी दी। परिजन छात्रा को लेकर पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की।
वॉट्सएप चैट खंगाल रही पुलिस
मुंबई की पार्ले पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस जिम्नेजियम और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। छात्रा और आरोपी के बीच हुई चैट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। मलखंभ फेडरेशन ऑफ इंडिया के एक अधिकारी के मुताबिक, मुंबई मलखंभ फेडरेशन से भी घटना को लेकर जानकारी मांगी गई है। फिलहाल आरोपी कोच फरार बताया जा रहा है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।











