आंध्र प्रदेश में परिवार के पांच लोगों की मौत: एक महीने से रेस्ट हाउस में थे, कमरे से बदबू आने पर खुला मामला

एक महीने से रेस्ट हाउस में थे, कमरे से बदबू आने पर खुला मामला

श्रीशैलम में एक ही परिवार के पांच सदस्य मंगलवार को रेस्ट हाउस के कमरे में मृत मिले। पुलिस के मुताबिक, दो पुरुष पंखे से और तीन महिलाएं वॉशरूम में फंदे से लटकी मिलीं। शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मल्लिकार्जुन स्वामी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बने ‘वडेरा सतारम’ के कमरा नंबर 11 में पांचों रह रहे थे। पुलिस का अनुमान है कि उनकी मौत करीब तीन दिन पहले हुई होगी। मंगलवार को कमरे से बदबू आने पर रेस्ट हाउस कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा खोलने पर दो पुरुष और तीन महिलाओं के शव मिले। मृतकों की पहचान पल्लापु सुधाकर, गोगुला आदिलक्ष्मी , मल्लेश्वरी, श्रीदेवी और मणिकंठा के रूप में हुई है। मणिकंठा, मल्लेश्वरी का बेटा था।

28 जुलाई को ऑटो से पहुंचे थे

आत्मकुर के डीएसपी रामंजनेयुलु ने बताया कि परिवार श्री सत्य साईं जिले के बत्तलापल्ली का रहने वाला था। सुधाकर अपनी तीन बहनों और भांजे के साथ 28 जुलाई को ऑटो-रिक्शा से श्रीशैलम आया था। परिवार करीब एक महीने से इसी कमरे में रह रहा था और प्रतिदिन 29 रुपये किराया दे रहा था। कर्मचारियों के कमरा खाली करने के कहने पर परिवार ने कुछ और समय मांगा था। उन्होंने तबीयत खराब होने और मंदिर में मन्नत मांगने की बात कही थी।

आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। दो महिलाएं तलाकशुदा थीं, जबकि सुधाकर ने शादी नहीं की थी और अपनी बहनों की देखभाल करता था। पुलिस को आशंका है कि आर्थिक संकट के चलते परिवार ने यह कदम उठाया। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को श्रीशैलम के सरकारी अस्पताल भेज दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।