असम में बेटे ने घर में की 50 लाख की चोरी: प्रेमिका को दिया आईफोन, पिता ने पुलिस को सौंपा

प्रेमिका को दिया आईफोन, पिता ने पुलिस को सौंपा

असम के जोरहाट में एक कारोबारी परिवार के बेटे पर घर के लॉकर से 50 लाख रुपये नकद और सोने के गहने चोरी करने का आरोप लगा है। परिवार की गैरमौजूदगी में लॉकर तोड़कर रकम और जेवर निकालने के बाद यश धनुका अग्रवाल अहमदाबाद चला गया। आरोप है कि उसने चोरी की रकम का बड़ा हिस्सा प्रेमिका पर खर्च किया। उसके लिए करीब 1.5 लाख रुपये का आईफोन खरीदने और नकद पैसे देने की बात सामने आई है। बेटे का पता चलने पर पिता खुद अहमदाबाद पहुंचे और उसे वापस जोरहाट लाकर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार, उस दिन परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे। इसी दौरान यश ने लॉकर तोड़कर नकदी और सोने के गहने निकाल लिए। जांच आगे बढ़ी तो साइबर सिक्योरिटी सेल की मदद से पुलिस को संदेह हुआ कि चोरी में घर के ही किसी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। नकदी और गहने लेकर यश जोरहाट से निकल गया था। मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करने पर पुलिस को उसके अहमदाबाद में होने की जानकारी मिली।

बिजनेस के काम के लिए था कैश

बेटे के अहमदाबाद में होने का पता चलने के बाद उसके पिता वहां पहुंचे। उन्होंने यश को वापस जोरहाट लाया और इसके बाद खुद पुलिस के हवाले कर दिया। परिवार ने पुलिस को बताया कि घर में रखा कैश बिजनेस के काम के लिए था। परिवार के कारोबार से जुड़े होने के कारण यश को इस रकम की जानकारी थी।

प्रेमिका पर 5 लाख खर्च करने का दावा

पूछताछ के दौरान यश ने बताया कि उसने जीतु सोमानी और रोहित प्रसाद के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। उसके मुताबिक, दोनों ने उसे पैसे लेने का सुझाव दिया था। यश ने यह भी दावा किया कि जीतु ने उसे चोरी का तरीका बताया था। उसने बताया कि एक ताला बनाने वाले की मदद से लॉकर खोला गया। इसके बाद पार्टी की गई, जिसमें पुबाली नाम की एक लड़की भी मौजूद थी। यश के मुताबिक, उसने पुबाली पर करीब पांच लाख रुपये खर्च किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की रकम आखिर कहां-कहां खर्च हुई। यश ने अपनी गर्लफ्रेंड पुबाली दत्ता पर नकद रकम खर्च करने के साथ उसके लिए 1.5 लाख रुपये का आईफोन खरीदा।

होटल-रिसॉर्ट में भी खर्च किए पैसे

आरोप है कि यश ने प्रेमिका को नकद पैसे भी दिए और उसके साथ कई दिनों तक होटल व रिसॉर्ट में रहा। हालांकि, पुबाली दत्ता को इस मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है। पुलिस जरूरत पड़ने पर उससे पूछताछ कर सकती है, ताकि चोरी की रकम के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाई जा सके।

एफआईआर में दो सहयोगियों के नाम

पुलिस ने यश का साथ देने के आरोप में जितेंद्र सोमानी और रोहित प्रसाद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। दोनों साजिश में शामिल थे और चोरी किए गए सोने को ठिकाने लगाने में मदद की। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।