मध्य प्रदेश में पुल से टकराई बस: चालक समेत चार की मौत; 12 गंभीर, लखनऊ से जा रही थी इंदौर

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह एक स्लीपर कोच हादसे का शिकार हो गई। ब्यावरा शहर के बाहर बाईपास पर 90 डिग्री के घुमावदार ब्रिज की सीमेंट-कंक्रीट की बाउंड्री वॉल से बस टकराकर घिसती हुई आगे बढ़ गई। हादसे में बस से नीचे गिरे तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि बस चालक की टक्कर के कारण मौत हो गई। हादसे में 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को भोपाल रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, एनएल 01, डी-3436 नंबर की स्लीपर कोच बस लखनऊ से उज्जैन होते हुए इंदौर जा रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे बस ब्यावरा बाईपास पर इंदौर रोड के लिए बने घुमावदार ब्रिज पर पहुंची। चालक ब्रिज के 90 डिग्री के मोड़ का अनुमान नहीं लगा सका। मोड़ पर बस को नियंत्रित करने के लिए चालक ने उसे घुमाया, लेकिन बस ब्रिज की सीमेंट-कंक्रीट की बाउंड्री वॉल से टकरा गई और रगड़ते हुए आगे बढ़ने लगी।
कांच टूटने से कई यात्री नीचे गिरे
बस के बाउंड्री वॉल से टकराकर आगे बढ़ते ही खिड़कियों के कांच टूट गए। इसके कारण कई यात्री बस से बाहर निकलकर ब्रिज के नीचे भोपाल रोड और साइड की ओर जा गिरे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन यात्री शामिल हैं, जो बस से नीचे गिर गए थे, जबकि चालक की बस की टक्कर के कारण मौत हुई।
12 यात्री गंभीर, भोपाल रेफर
हादसे में बस में सवार 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से सभी को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।










