पुणे में पिता ने की बेटे की पीट-पीटकर हत्या: सावन में मटन खाने की कर रहा था जिद, विवाद बढ़ने पर पिता ने किया हमला

पुणे में सावन के महीने में मटन खाने की जिद करना एक युवक को भारी पड़ गया। पिता ने बेटे की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पुणे निवासी महेश गायकवाड़ (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, परिवार सावन के महीने में मांसाहारी भोजन नहीं करता था।
पुलिस के मुताबिक, महेश ने परिवार से घर पर मटन बनाने की मांग की थी। इस बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। गुस्से में पिता ने महेश की बुरी तरह पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल महेश की मौत हो गई।
मां ने की सबूत मिटाने की कोशिश
घटना के बाद महेश की मां ने अपने पति की मदद की और हत्या के सबूत मिटाने की कोशिश की। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना भी नहीं दी। हालांकि, वर्जे मालवड़ी पुलिस को मामले में शक हुआ। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया।
सावन में मांसाहार से परहेज करते हैं कई परिवार
पुलिस के अनुसार, मृतक का परिवार सावन के महीने में मांसाहारी भोजन नहीं करता था। भारत में कई परिवार इस महीने में मांस, अंडे और मछली का सेवन नहीं करते हैं। कई राज्यों में सावन को धार्मिक रूप से पवित्र महीना माना जाता है।










