चित्रकूट में बांध टूटा, पुल बहा: उफान पर मंदाकिनी, सतना में ट्रैक डूबने से ट्रेन रोकी

29 अगस्त 2026
उफान पर मंदाकिनी, सतना में ट्रैक डूबने से ट्रेन रोकी

मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे कई क्षेत्रों का संपर्क मुख्य मार्गों से टूट गया है। चित्रकूट में गोरगी बांध टूटने की सूचना के बाद प्रशासन और राहत-बचाव दल सक्रिय हो गए हैं। मंदाकिनी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से रामघाट समेत आसपास के इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। वहीं सतना में रेलवे ट्रैक डूबने से पैसेंजर ट्रेन रोकनी पड़ी।

चित्रकूट में मंदाकिनी नदी करीब 30 फीट उफान पर बताई जा रही है। जलस्तर बढ़ने से रामघाट क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बहाव की चपेट में आने से रामघाट का करीब 300 मीटर लंबा पुल बहने की सूचना है। पुल क्षतिग्रस्त होने से आवागमन प्रभावित हुआ है। भरत घाट क्षेत्र में भी बाढ़ का पानी पहुंच गया, जहां एक दो मंजिला मकान डूबने की स्थिति में पहुंच गया। मकान में फंसे परिवार को नाव के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कवायद की गई। निचले इलाकों के लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

सतना में ट्रैक डूबा, पैसेंजर ट्रेन रोकी

लगातार बारिश का असर सतना जिले में भी देखने को मिल रहा है। कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। रेलवे ट्रैक पर पानी आने के बाद एक पैसेंजर ट्रेन रोक दी गई। रेलवे अधिकारी ट्रैक की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। जलस्तर सामान्य होने तक ट्रेनों की आवाजाही में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। जिले के कई पुलिस थानों और सरकारी परिसरों में भी पानी भर गया है। कुछ जगह पुलिसकर्मी जलभराव के बीच काम करने को मजबूर हैं।

पाठा में बरदहा नदी ने बढ़ाई चुनौती

प्रशासन ने लोगों को उफनती नदियों, नालों और पुल-पुलियों को पार नहीं करने की हिदायत दी है। ग्रामीण इलाकों में सड़क और पुल-पुलियों पर पानी आने से आवाजाही प्रभावित है। चित्रकूट के पाठा क्षेत्र में बरदहा नदी के उफान से पहले भी कई गांव प्रभावित हुए थे और उनका संपर्क बाधित हुआ था। लगातार बारिश के बीच मंदाकिनी समेत अन्य नदियों का बढ़ता जलस्तर प्रशासन के लिए चुनौती बना हुआ है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।