बिलासपुर में हिंदू विरोधी टिप्पणी पर भड़का विवाद: पथराव-तोड़फोड़ से मचा बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

29 अगस्त 2026
पथराव-तोड़फोड़ से मचा बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बिलासपुर में सोशल मीडिया पर कथित हिंदू विरोधी टिप्पणी की बात फैलने के बाद बिलासपुर में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटने के बाद पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई। कई गाड़ियों, घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पथराव में तारबाहर टीआई रवि तिवारी का सिर फट गया, जबकि एक आरक्षक समेत कई लोग घायल हुए।

विवाद के बाद हिंदूवादी संगठनों के लोग सिटी कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद तनाव तेजी से बढ़ा और दोनों ओर से भीड़ आमने-सामने आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों को विवाद और युवकों की भीड़ जुटने की सूचना दी गई थी। हालांकि शुरुआत में केवल पेट्रोलिंग टीम भेजी गई। बाद में स्थिति बिगड़ने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह हेलमेट पहनकर मौके पर पहुंचे। जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सीएएफ से अतिरिक्त बल भी बुलाया गया।

सीएसपी से हुई धक्का-मुक्की

तनाव बढ़ने पर भीड़ ने पुलिस को भी निशाना बनाया। सिविल ड्रेस में पहुंचे सीएसपी गगन कुमार के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई। पथराव में तारबाहर टीआई रवि तिवारी घायल हो गए। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने पहले बातचीत का प्रयास किया, लेकिन पत्थरबाजी जारी रहने पर लाठीचार्ज किया गया। पुलिस ने आंसू गैस के 5 से 6 गोले छोड़े, लेकिन भीड़ तत्काल नहीं हटी। फायरिंग की सुविधा नहीं होने के कारण सरकंडा टीआई प्रदीप आर्या ने गोले हाथ से फेंके।

थाने में घुसी भीड़

बेकाबू भीड़ सिटी कोतवाली थाने में भी घुस गई और गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया। लोग पथराव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। कलेक्टर और एसएसपी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। बढ़ते तनाव को देखते हुए एसएसपी ने जिलेभर के थानेदारों, इंस्पेक्टरों और जवानों के साथ पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया। जांजगीर-चांपा, मुंगेली और सीएएफ के जवान भी तैनात किए गए। रात करीब 2:30 बजे तक भीड़ जुटी रही।

एसएसपी ने संभाली कमान

स्थिति नियंत्रित करने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह खुद लाठी लेकर सड़क पर उतरे। आसपास की बिजली बंद कर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद कलेक्टर और एसएसपी ने हेलमेट पहनकर पैदल मार्च किया। करीब 3 बजे तक पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर भीड़ को हटाने में जुटी रही। मसानगंज और खपरगंज में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया और सिटी कोतवाली चौक के आसपास बैरिकेडिंग की गई। सुबह 5 बजे तक पुलिस गश्त करती रही।

कलेक्टर-एसएसपी बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि व्यक्तिगत विवाद के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी। दोनों ओर से पथराव हुआ, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। मौके पर 400 से अधिक पुलिस जवान तैनात हैं और पड़ोसी जिलों से भी बल बुलाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।