देहरादून में स्वाइन फ्लू के 8 नए मरीज: 67 मामलों की हुई पुष्टि, बुजुर्गों-बच्चों को सावधानी की सलाह

29 अगस्त 2026
 67 मामलों की हुई पुष्टि, बुजुर्गों-बच्चों को सावधानी की सलाह

जिले में स्वाइन फ्लू का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। 25 सैंपल की जांच में आठ लोगों में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई। इनमें दो मरीज देहरादून और छह अन्य जिलों के हैं। सभी संक्रमित निजी अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं, एक मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हुआ है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, एच1एन1 की जांच के लिए अब तक 173 सैंपल लिए गए हैं। इनमें 67 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों में 43 देहरादून और 24 अन्य जिलों के मरीज हैं। अब तक 41 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 21 का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। संक्रमण से अब तक पांच मौतें दर्ज की गई हैं। इन मौतों की स्थिति ऑडिट के बाद स्पष्ट की जाएगी।

कोविड के 6 सैंपल, कोई पॉजिटिव नहीं

कोविड जांच के लिए छह सैंपल लिए गए, जिनमें किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई। अब तक 116 सैंपल की जांच में 18 संक्रमित मिले हैं। इनमें 15 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और तीन अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने लोगों से सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार या सांस लेने में परेशानी होने पर लापरवाही नहीं बरतने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। उन्होंने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।