महाराष्ट्र में CBI का एक्शन: IRS अधिकारी समेत 3 गिरफ्तार, 40 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए

29 अगस्त 2026
IRS अधिकारी समेत 3 गिरफ्तार, 40 लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए

महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के अतिरिक्त आयुक्त और आईआरएस अधिकारी विनय कुमार कंथेती, सीजीएसटी अधीक्षक राकेश कुमार सिन्हा और निजी व्यक्ति नरिंदर राजपूत को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि पत्थर खनन कंपनी से जुड़े जीएसटी-रॉयल्टी मामले को निपटाने के लिए 1.50 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। बातचीत के बाद रकम 40 लाख रुपये तय हुई, जिसे लेते हुए सीबीआई ने आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। हालांकि, गिरफ्तारी के कुछ घंटे बाद ठाणे की अदालत ने तीनों को 15-15 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया।

सीबीआई ने 26 अगस्त को सीजीएसटी अधीक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप था कि शिकायतकर्ता की पत्थर खदान वाली फर्म से जुड़े जीएसटी-रॉयल्टी मामले को निपटाने के बदले 1.50 करोड़ रुपये के अनुचित लाभ की मांग की गई। बाद में बातचीत के दौरान यह रकम घटाकर 40 लाख रुपये कर दी गई। सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को रकम लेते हुए पकड़ लिया। एजेंसी के मुताबिक, रिश्वत स्वीकार करने की बात सीजीएसटी के अधीक्षक और अतिरिक्त आयुक्त ने भी स्वीकार की। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सक्षम अदालत में पेश किया गया।

कोर्ट ने गिरफ्तारी को कानूनी प्रावधानों के अनुरूप नहीं माना

ठाणे की अदालत ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के अनुरूप नहीं है। कोर्ट ने सीबीआई की हिरासत में पूछताछ की मांग भी खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि रिश्वत की रकम पहले ही बरामद की जा चुकी है, इसलिए हिरासत में पूछताछ के लिए संतोषजनक आधार नहीं बनता। इसके बाद तीनों आरोपियों को 15-15 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया गया। सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई इस मामले में अदालत में दोबारा अर्जी दाखिल कर सकती है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।