अभिनंदन वर्धमान ने छोड़ी भारतीय वायुसेना: फ्लाई91 एयरलाइंस से जुड़े विंग कमांडर, कॉमर्शियल पायलट के रूप में भरेंगे नई उड़ान

फ्लाई91 एयरलाइंस से जुड़े विंग कमांडर, कॉमर्शियल पायलट के रूप में भरेंगे नई उड़ान

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने नई पारी शुरू की है। रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने वायुसेना की नौकरी छोड़कर क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 में पायलट के तौर पर काम शुरू कर दिया है। अभिनंदन ने अगस्त में गोवा स्थित एयरलाइन ज्वाइन की। हालांकि, एयरलाइन के प्रवक्ता ने उनके जुड़ने या भूमिका को लेकर कोई जानकारी देने से इनकार किया है। प्रवक्ता ने कर्मचारियों से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी को निजी मामला बताया।

अभिनंदन वर्धमान 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हवाई मुठभेड़ के बाद देशभर में चर्चा में आए थे। पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में भारतीय वायुसेना ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन पाकिस्तान ने भारतीय क्षेत्र में हमला करने के लिए लड़ाकू विमान भेजे। भारतीय वायुसेना ने उनका मुकाबला किया। इसी दौरान अभिनंदन ने मिग-21 से पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया था। हालांकि, उनका अपना विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उन्हें पाकिस्तान ने हिरासत में ले लिया था।

करीब 60 घंटे बाद लौटे थे भारत

पाकिस्तान ने अभिनंदन को करीब 60 घंटे हिरासत में रखने के बाद एक मार्च 2019 को भारत को सौंप दिया था। भारत सरकार के दबाव के बाद उनकी रिहाई हुई थी। इस कार्रवाई के बाद अभिनंदन भारतीय सैन्य साहस के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए। साल 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया। यह युद्धकाल में दिया जाने वाला देश का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। उन्हें यह सम्मान कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण के लिए दिया गया था।

2024 में शुरू हुआ था Fly91 का परिचालन

Fly91 ने मार्च 2024 में अपना परिचालन शुरू किया था। एयरलाइन का संचालन गोवा और हैदराबाद से होता है और उसके बेड़े में फिलहाल छह विमान हैं। अब अभिनंदन के एयरलाइन से जुड़ने के बाद वह कॉमर्शियल यात्री विमान के पायलट के तौर पर नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।