मुंबई में मेट्रो स्टेशन के नीचे खड़ी बस में लगी आग: मेट्रों सेवाएं रही प्रभावित, सूचना पर पहुंची मुंबई फायर ब्रिगेड और पुलिस

मुंबई के गोरेगांव पूर्व में आरे मेट्रो स्टेशन के नीचे खड़ी एक पर्यटक बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। जिसकी वजह से मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित रही। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगते ही ड्राइवर और बस में सवार लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए थे। ऐसे में इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
हाइवे पर ट्रैफिक जाम
बस से उठती तेज लपटों और धुएं के भारी गुबार के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर ट्रैफिक जाम लग गया। आग की वजह से स्टेशन के नीचे और आसपास धुएं का बड़ा गुबार देखने को मिला। मेट्रो स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। धुएं की वजह से कई यात्रियों को मेट्रो से उतरना पड़ा। कुछ समय के लिए मेट्रो को स्टेशन पर रोकना भी पड़ा।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और स्थानीय एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर मुस्तैदी दिखाई और आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद मेट्रो और सड़क यातायात को बहाल किया गया। शुरुआती जांच के मुताबिक, बस में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका जताई जा रही है।











