अबू धाबी की उड़ान वापस कोच्चि लौटी: 36 हजार फीट पर इंजन में आई खराबी, एक इंजन बंद कर कराई सुरक्षित लैंडिंग

कोच्चि से अबू धाबी जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की बोइंग 737 उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद विमान 36 हजार फीट की ऊंचाई पर था, तभी पायलट और को-पायलट ने एक इंजन में ऑयल की मात्रा तेजी से कम होती देखी। ऑयल प्रेशर डेंजर जोन में पहुंचने पर क्रू ने एक इंजन बंद कर दिया। इसके बाद अबू धाबी जाने के बजाय विमान को कोच्चि वापस लाने का फैसला किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, विमान का वजन निर्धारित सीमा से अधिक था। इसके बावजूद पायलट ने कोच्चि एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई। ऑयल की मात्रा कम होने के बाद कमांडर ने सबसे पहले मुंबई एटीसी को स्थिति की जानकारी दी और विमान के कोच्चि लौटने की सूचना दी। एक इंजन बंद होने और विमान के ओवरवेट होने के कारण लैंडिंग पायलट के सामने बड़ी चुनौती थी।
एक इंजन पर उड़ सकता है दो इंजन वाला विमान
दो इंजन वाले विमान आपात स्थिति में एक इंजन के सहारे भी उड़ान जारी रख सकते हैं। हालांकि, ऐसी स्थिति में विमान की ताकत और ऊंचाई हासिल करने की क्षमता प्रभावित होती है। पायलट आमतौर पर विमान को ऐसे एयरपोर्ट की ओर ले जाता है, जहां सुरक्षित लैंडिंग कराई जा सके। इसी प्रक्रिया के तहत विमान को कोच्चि वापस लाया गया।
घटना की आधिकारिक वजह अभी साफ नहीं
घटना की तारीख और तकनीकी खराबी की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है। एअर इंडिया एक्सप्रेस और डीजीसीए की ओर से मामले पर अब तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। उड़ान से जुड़ी जानकारी में बताया गया है कि विमान ने कोच्चि से अबू धाबी के लिए उड़ान भरी थी और तकनीकी समस्या सामने आने के बाद उसे वापस लौटना पड़ा।











