चार राज्यों की पांच सीटों पर उपचुनाव घोषित: 6 अक्टूबर को होगा मतदान, 16 सितंबर तक दाखिल कर सकेंगे नामांकन

चार राज्यों की खाली हुई विधानसभा और लोकसभा सीटों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक तमिलनाडु की दो विधानसभा सीट, पुडुचेरी की एक विधानसभा सीट, पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीट और असम की एक लोकसभा सीट पर छह अक्टूबर को मतदान होगा। सभी सीटों की मतगणना नौ अक्टूबर को कराई जाएगी। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 11 अक्टूबर 2026 से पहले पूरी कर ली जाएगी।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार उपचुनाव की औपचारिक राजपत्र अधिसूचना नौ सितंबर 2026 को जारी होगी। प्रत्याशी 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। संबंधित जिलों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि नामांकन की अंतिम तारीख तक मतदाता सूची को लगातार अपडेट किया जाएगा। इसके लिए आवेदन नामांकन की समय-सीमा से कम से कम 10 दिन पहले प्राप्त होना जरूरी होगा।
तमिलनाडु की दो सीटें भी शामिल
तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा। दोनों सीटें मरागथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। इन दोनों सीटों की अंतिम मतदाता सूची 23 फरवरी को जारी की गई थी। पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी सीट एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई। इसकी अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी को प्रकाशित हुई थी।
बंगाल की दो सीट और असम की एक लोकसभा सीट
पश्चिम बंगाल में रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराया जाएगा। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। दोनों सीटों की अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को जारी हुई थी। वहीं असम की नागांव लोकसभा सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। इसकी अंतिम मतदाता सूची 10 फरवरी को प्रकाशित हुई।
सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का होगा प्रयोग
चुनाव आयोग ने शिलॉन्ग और बशीरहाट लोकसभा सीटों के लिए अभी तारीख घोषित नहीं की है। शिलॉन्ग सीट इस साल फरवरी में वायस ऑफ द पीपल पार्टी के सांसद रिकी एंड्रयू जे. सिंगकान के निधन के बाद खाली हुई थी। बशीरहाट सीट सितंबर 2024 में तृणमूल कांग्रेस सांसद हाजी शेख नूरुल इस्लाम के निधन के बाद से रिक्त है। उपचुनाव में सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट का इस्तेमाल होगा। पहचान के लिए ईपीआईसी कार्ड मुख्य दस्तावेज रहेगा। मतदाता आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट समेत आयोग द्वारा निर्धारित अन्य दस्तावेज भी इस्तेमाल कर सकेंगे।











