बीकानेर में हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर: हादसे में तीन चचेरे भाइयों की हुई मौत, सभी अपने गांव लौट रहे थे

बीकानेर में जोधपुर हाईवे पर सड़क हादसे में बाइक सवार तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तीनों शहर से अपने गांव स्वरूपदेसर लौट रहे थे। पलाना और उदयरामसर के बीच गंगाशहर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद टक्कर मारने वाला चालक वाहन समेत फरार हो गया।
गंगाशहर थानाधिकारी गणेश बिश्नोई ने बताया कि मृतकों की पहचान स्वरूपदेसर निवासी चन्दाराम, तोलाराम और महेंद्र सिहाग के रूप में हुई है। तीनों चचेरे भाई थे। हादसे के वक्त घटनास्थल पर कोई ऐसा व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिसने टक्कर मारने वाले वाहन को देखा हो। बाद में वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी से वाहन की तलाश
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दुर्घटना में गलती किसकी थी। तीनों की मौत के कारण घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई, जिसके बाद वे पीबीएम अस्पताल पहुंच गए।











