गोंदिया में ट्रक-बोलेरो की हुई भीषण भिड़ंत: तीन साल के बच्चे समेत 6 की मौत, गैस कटर से निकाले गए शव और घायल

तीन साल के बच्चे समेत 6 की मौत, गैस कटर से निकाले गए शव और घायल

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई। वहीं, सात लोग घायल हो गए। मृतकों में तीन साल का बच्चा भी शामिल है। हादसा जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर नागरा गांव के पास हुआ। सभी मृतक और घायल मजदूर थे, जो मध्य प्रदेश के बालाघाट से तेलंगाना के करीमनगर में काम करने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग मलबे में फंस गए।

पुलिस के अनुसार मजदूर परिवारों सहित बोलेरो से तेलंगाना के लिए निकले थे। वाहन गोंदिया से करीब पांच किलोमीटर दूर नागरा के पास पहुंचा। इसी दौरान बालाघाट से गोंदिया की ओर से आ रहे ट्रक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बोलेरो में सीधी टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस भी पहुंच गई और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ वाहन

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई। कई लोग वाहन के मलबे में फंस गए थे। पुलिस और ग्रामीणों ने बचाव अभियान चलाकर घायलों और शवों को बाहर निकाला। कुछ शवों को गैस कटर की मदद से वाहन काटकर निकाला गया। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। सात घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

बालाघाट के एक ही क्षेत्र के रहने वाले थे मृतक

मृतकों की पहचान किरण संतोष वैद्य, संतोष मत्रे, सुशीला मत्रे, रूपसेन तेजलाल सत्याकर, ज्योति रूपसेन सत्याकर और तीन वर्षीय आरुष मत्रे के रूप में हुई है। सभी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर तहसील के रहने वाले थे। मजदूरी के लिए परिवार सहित तेलंगाना जाना उनके लिए रोजी-रोटी का सफर था, लेकिन रास्ते में यह हादसा जानलेवा साबित हुआ।

ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज

हादसे के संबंध में घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे निवासी पिपलगांव खुर्द किरनापुर जिला बालाघाट के बयान पर पुलिस ने कार्रवाई की। गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान निवासी गोंदिया के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।