अहमदाबाद में भाई ने की बहन की हत्या: सुनसान रास्ते पर ले जाकर सिर पर मारा हथौड़ा, पुलिस ने बाप-बेटे को किया अरेस्ट

 सुनसान रास्ते पर ले जाकर सिर पर मारा हथौड़ा, पुलिस ने बाप-बेटे को किया अरेस्ट

अहमदाबाद में युवती की मौत को पहले सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने युवती की हत्या के आरोप में उसके पिता और भाई को अरेस्ट किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों को शक था कि सोफिया का एक युवक से रिश्ता है। इसी बात को लेकर उन्होंने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची और वारदात को हिट एंड रन का रूप देने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त की रात सोफिया अपने भाई के साथ बाइक से जा रही थी। जांच में सामने आया कि भाई हाबिल और पिता फारूक पहले सोफिया के कार्यस्थल बापोल इलाके के निकी हॉस्पिटल पहुंचे थे। वहां से लौटते समय दोनों उसे बाइक पर साथ ले गए। हाबिल अपने साथ हथौड़ा लेकर गया था। रास्ते में बाइक को गेलजीपुरा गांव के पास सुनसान कच्ची सड़क की ओर मोड़ दिया गया। आरोप है कि वहां हाबिल ने सोफिया के सिर पर हथौड़े से तीन वार किए। उसके बेहोश होने के बाद उसे बाइक से नीचे गिराया और दोबारा सिर पर दो वार किए।

शव मुख्य सड़क पर लाकर रची हादसे की कहानी

पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद पिता-पुत्र सोफिया के शव को मुख्य सड़क पर ले आए। इसके बाद मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त किया गया, ताकि पूरा मामला सड़क दुर्घटना जैसा लगे। हाबिल ने पुलिस को सूचना देकर दावा किया कि गेलजीपुरा चौराहे के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी थी। हालांकि घटनास्थल पर पुलिस को किसी दुर्घटना से जुड़े सबूत नहीं मिले। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर भी वहां कोई दूसरा वाहन नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस का शक हाबिल पर गहराया और उससे पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में हाबिल और उसके पिता फारूक ने हत्या की बात कबूल कर ली।

वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी थी नाराजगी

पुलिस के अनुसार, सोफिया बापोल इलाके के निकी हॉस्पिटल में रिसेप्शनिस्ट थी। करीब तीन महीने पहले उसका एक युवक के साथ वीडियो वायरल हुआ था। इसे लेकर पिता और भाई नाराज थे। पुलिस का कहना है कि इसी रिश्ते के शक में दोनों ने इज्जत के नाम पर हत्या की साजिश रची। अब दोनों को गिरफ्तार कर मामले की आगे जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।