महाराष्ट्र में बैंक में दिनदहाड़े हुई लूट: कर्मचारियों ने दौड़ाकर आरोपी को पकड़ा, पुलिस ने पैसों के साथ किया गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नागपुर में एक बैंक में दिनदहाड़े लूट की घटना सामने आई हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी कपड़े से मुंह बांधकर बैंक में घुसता है और कर्मचारियों के ऊपर मिर्च का पाउडर फेंकने लगता है। इस दौरान कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। घटना के थोड़ी देर बाद कर्मचारियों ने उसे दौड़ा लिया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने थोड़ी ही देर बाद आरोपी को कैश के साथ पकड़ लिया गया।
घटना नागपुर के सक्करदरा पुलिस स्टेशन इलाके की बताई जा रही है। यहां मौजूद एसबीआई बैंक की एक ब्रांच में कैश लूट की घटना हुई। जानकारी के मुताबिक सूरज बोरकर नाम के एक आरोपी ने बैंक का समय खत्म होने के बाद बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंकने लगा। उसके बाद आरोपी ने कर्मचारियों के हाथों से 4 लाख 53 हजार रुपये का बैग लूट लिया। जिससे बैंक में हंगामा हो गया।
बैंक के पास घात लगाकर बैठा था आरोपी
कर्मचारियों के चिल्लाने के बाद, पुलिस की मदद से बैंक से कुछ ही दूरी पर सूरज बोरकर को पकड़ लिया गया। पुलिस ने कुछ ही मिनटों में 4 लाख 53 हजार रुपये कैश के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिससे बैंक का नुकसान होने से टल गया। शुरुआती जानकारी से पता चला है कि आरोपी सूरज बोरकर ने पहले ही रेकी कर ली होगी कि कर्मचारी एटीएम में कब पैसे जमा करेंगे और वह बैंक के पास ही घात लगाए बैठा था।
कर्मचारियों की आंखों में डालने लगा मिर्च पाउडर
वहीं अब घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी मुंह पर कपड़ा बांध कर बैंक परिसर में घुसता है। इसके बाद उसने थैले से मिर्च पाउडर निकाल कर कर्मचारियों की आंखों में डालने लगता है। इस घटना के बाद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। पहले तो बैंक के कर्मचारी उससे बचने की कोशिश करते हैं। हालांकि बाद में कर्मचारियों ने उसे दौड़ा लिया, और पुलिस की मदद से उससे लूटे हुए रूपए बरामद कर लिये।











