सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग: बाइक सवार बदमाशों ने चलाई 8 राउंड गोलियां, गैंगस्टर ने ली जिम्मेदारी
बरनाला के फरवाही गांव में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर शनिवार देर रात बाइक सवार हमलावरों ने करीब आठ राउंड फायरिंग की। वारदात के समय गुलाब सिद्धू घर पर मौजूद नहीं थे। वह म्यूजिकल शो और कार्यक्रमों के सिलसिले में विदेश गए हुए हैं। फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर के गेट पर गोलियों के निशान मिले हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाइक पर सवार तीन युवक घर के पास पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। इनमें दो युवकों ने फायरिंग की, जबकि तीसरा पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा।
घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच की बताई जा रही है। वीडियो के अनुसार तीन युवक बाइक से घर के पास पहुंचे। बाइक रुकते ही पीछे बैठे युवक ने पिस्टल लोड की और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उसके साथ बैठे दूसरे युवक ने भी फायरिंग की। वहीं बाइक चला रहे तीसरे युवक ने वारदात को कैमरे में रिकॉर्ड किया। करीब आठ राउंड फायर करने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आसपास के रास्तों और गांव के प्रमुख मार्गों पर लगे कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
गैंगस्टर डोनी बल का ऑडियो सामने आया
फायरिंग के बाद गैंगस्टर डोनी बल का एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें उसने गुलाब सिद्धू पर टिप्पणी करते हुए घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। ऑडियो में उसने सिद्धू मूसेवाला का नाम लेकर गुलाब सिद्धू पर निशाना साधा और धमकी भरे अंदाज में बात की। हालांकि, दैनिक भास्कर इस ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। बताया जा रहा है कि गुलाब सिद्धू को पहले भी कुछ लोगों की ओर से फिरौती और जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं।
जनवरी में हमले की साजिश में तीन गिरफ्तार हुए थे
10 जनवरी 2026 को बरनाला पुलिस ने गुलाब सिद्धू पर हमले की कोशिश के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य साजिशकर्ता कोटदूना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा था। आरोपी गुलाब सिद्धू के गाने 'सरपंचियां' के बोलों से नाराज था और उसने सिंगर को सोशल मीडिया के जरिये धमकी भी दी थी। आरोपी एक लाइव शो के दौरान घात लगाकर हमला करने की तैयारी में थे। उनका उद्देश्य पंजाब में खौफ पैदा करने के बाद फिरौती वसूलना बताया गया था।
लगातार धमकियों के बाद मिली है सुरक्षा
गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्तों में शामिल हैं। मई 2022 में सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब के कई सिंगरों की सुरक्षा की समीक्षा की गई थी। गुलाब सिद्धू को भी लगातार फिरौती के फोन और जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। इन धमकियों और सुरक्षा इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने उन्हें दो सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराए हैं। दोनों सुरक्षाकर्मी उनकी सुरक्षा में तैनात रहते हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने फायरिंग की पुष्टि की है। अब आसपास के रास्तों और गांव के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अज्ञात हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











