पंजाब में पुलिस मुठभेड़ में दो गैंगस्टर ढेर: 25 राउंड से ज्यादा चली गोलियां, ब्लड डोनेशन कैंप में करना था हमला

 25 राउंड से ज्यादा चली गोलियां, ब्लड डोनेशन कैंप में करना था हमला

लुधियाना में रविवार दोपहर एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शूटर मारे गए। आत्मा पार्क के बाहर करीब तीन बजे हुई मुठभेड़ में दोनों तरफ से 25 से ज्यादा राउंड फायर हुए। पुलिस के मुताबिक, दोनों गैंगस्टर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। एजीटीएफ की टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस की गाड़ी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के बाद मौके पर फॉरेंसिक टीम पहुंची और जांच शुरू की।

लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा भी सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गैंगस्टरों के बारे में पुलिस को पहले से इनपुट मिला था। एजीटीएफ के पास मौजूद जानकारी स्थानीय पुलिस के साथ साझा की गई थी और दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया। मारे गए दोनों शूटर अमृतसर के रहने वाले बताए गए हैं।

डोनी बल के संपर्क में थे दोनों शूटर

पुलिस कमिश्नर के अनुसार दोनों युवक विदेश में बैठे गैंगस्टर डोनी बल के संपर्क में थे। आरोप है कि डोनी बल ही उन्हें निर्देश दे रहा था। उसी ने दोनों को टारगेट और हथियार उपलब्ध कराए थे। पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला गैंगों के बीच वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा है। इसकी कड़ी 2016 में हुए रवि ख्वाजके हत्याकांड और दविंदर बंबिहा से जुड़े गैंगवार से बताई जा रही है। दविंदर बंबिहा का 2016 में बठिंडा में एनकाउंटर हुआ था।

दोनों को रास्ते में रोका

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों शूटर रविवार को रवि ख्वाजके की याद में आयोजित ब्लड डोनेशन कैंप में विरोधी गैंग के लोगों को निशाना बनाने जा रहे थे। जिस स्थान पर पुलिस से मुठभेड़ हुई, वहां से यह कैंप करीब 900 मीटर दूर था। पुलिस के अनुसार, समय रहते मिली सूचना के चलते दोनों को रास्ते में रोक लिया गया।

तीन ऑटोमैटिक पिस्टल की बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से तीन 9 एमएम की ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान भी हथियारों के चेंबर में गोलियां पूरी तरह लोड थीं। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस पूरे ऑपरेशन और बरामद हथियारों की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।