छत्तीसगढ़ में तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की मौत: दोपहर के समय गई थी नहाने, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की दर्दनाक मौत हो गई है। यह घटना पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नुनेरा में गुरुवार को सामने आई। हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जान गंवाने वाली तीनों बच्चियां आपस में सहेलियां थीं और पहली कक्षा की छात्राएं थीं। उनकी पहचान इंदु अगरिया (7 वर्ष), राखी (8 वर्ष) और साधना (8 वर्ष) के रूप में हुई है।
तीनों बच्चियां गुरुवार को स्कूल नहीं गई थीं। दोपहर के समय वे गांव के ही अलगू तालाब में नहाने के लिए चली गईं, जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूब गईं। जब बच्चियां काफी देर तक घर नहीं लौटीं, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पलें मिलने के बाद ग्रामीणों को शक हुआ। बाद में तालाब में इंदु का शव भी दिखाई दिया।
तालाब से बरामद किये गए तीनों के शव
अधिकारियों ने बताया कि जब ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की तब कुछ देर बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। बाद में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामला दर्ज कर जांच की जा रही हैं।











