नहाते समय वीडियो बनाकर साली को किया ब्लैकमेल: रेप और गर्भपात कराने का आरोप, जीजा के खिलाफ केस दर्ज

पंजाब के लुधियाना जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। अपनी बड़ी बहन के पास रहने आई एक युवती ने अपने जीजा पर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, कई बार रेप करने और गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के आरोपों की हर पहलू से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले की रहने वाली है। वर्तमान में हरियाणा के रोहतक क्षेत्र में निवास कर रही है। वर्ष 2024 में वह अपनी बहन के घर लुधियाना रहने के लिए आई थी। इसी दौरान उसके जीजा ने कथित तौर पर उसका नहाते समय वीडियो बना लिया। आरोप है कि वीडियो को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने उसे मानसिक दबाव में रखा और लगातार ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने वीडियो सार्वजनिक करने का भय दिखाकर उसके साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। वह लंबे समय तक डर और सामाजिक बदनामी की आशंका के कारण किसी को इस बारे में नहीं बता सकी। युवती के अनुसार, आरोपी उसकी मजबूरी का फायदा उठाकर लगातार उसका शोषण करता रहा।
गर्भवती होने पर दवा देकर कराया गर्भपात
शिकायत में युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि लगातार यौन शोषण के कारण वह गर्भवती हो गई थी। जब इसकी जानकारी आरोपी को मिली तो उसने कथित रूप से दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ कई बार मारपीट भी की। पीड़िता के विरोध करने पर धमकियां देता रहा। युवती का कहना है कि वह लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलती रही।
जीरो एफआईआर के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह मामला पहले हरियाणा में दर्ज किया गया था। जहां से जीरो एफआईआर लुधियाना स्थानांतरित की गई। इसके बाद थाना जमालपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी प्रमोद ने बताया कि पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।











