ओटीपी से होगा डाक वितरण: हर चिट्ठी-रजिस्ट्री की होगी डिजिटल पुष्टि, मोबाइल नंबर से जुड़ेगी पूरी प्रक्रिया

हर चिट्ठी-रजिस्ट्री की होगी डिजिटल पुष्टि, मोबाइल नंबर से जुड़ेगी पूरी प्रक्रिया

डाक वितरण में लापरवाही की शिकायतों के बाद डाक विभाग ने व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अब चिट्ठी, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट और पार्सल समेत सभी डाक सेवाओं के वितरण की पुष्टि ओटीपी के माध्यम से होगी। विभाग ने इसके लिए डोर स्टेप आर्टिकल स्कैन सिस्टम को सभी सेवाओं पर लागू करने का निर्णय लिया है।

नई व्यवस्था के तहत भेजने वाले और प्राप्तकर्ता, दोनों के मोबाइल नंबर डाक सामग्री के साथ दर्ज किए जाएंगे। जैसे ही डाक निर्धारित पते पर पहुंचेगी, संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर ओटीपी भेजा जाएगा। डाक वितरित करने से पहले डाक सेवक यह ओटीपी प्राप्त करेगा और उसे सिस्टम में दर्ज करने के बाद ही वितरण की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। इससे प्रत्येक डाक की डिजिटल पुष्टि सुनिश्चित हो सकेगी।

लापरवाही के मामलों के बाद लागू हुई व्यवस्था

डाक विभाग ने यह कदम विभिन्न क्षेत्रों में डाक वितरण में लापरवाही के मामले सामने आने के बाद उठाया है। चौंतड़ा डाकघर के गोलवां और जलपेहड़ के डाक सेवकों सहित अन्य जिलों से भी समय पर डाक नहीं पहुंचाने या उसे अपने पास रखने की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद विभाग ने औचक निरीक्षण और फोन के माध्यम से सत्यापन की व्यवस्था भी शुरू करने का निर्णय लिया है। किसी डाक का वितरण दर्ज नहीं होने पर विभाग संबंधित लोगों से संपर्क कर कारण की जानकारी लेगा।

समय पर डिलीवरी में मिलेगी मदद

सीनियर डाक अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि ओटीपी आधारित सत्यापन प्रणाली अब रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट सहित सभी डाक सेवाओं में लागू की जा रही है। इससे डाक वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।