मन की बात में पीएम मोदी का बड़ा संदेश: जनगणना दुनिया का सबसे बड़ा अभियान, 1.20 करोड़ घरों की लिस्टिंग पूरी

26 अप्रैल 2026
जनगणना दुनिया का सबसे बड़ा अभियान, 1.20 करोड़ घरों की लिस्टिंग पूरी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में देशवासियों से कई अहम मुद्दों पर बात की। इस दौरान उन्होंने खासतौर पर जनगणना अभियान को लेकर जानकारी दी। पीएम ने कहा कि यह दुनिया का सबसे बड़ा जनगणना अभियान है और हर नागरिक की इसमें भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब एक करोड़ 20 लाख घरों की लिस्टिंग पूरी हो चुकी है। यह प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है और इसे और आसान बनाने के लिए डिजिटल सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि इस बार जनगणना का अनुभव पहले से अलग और ज्यादा आसान होगा। अब नागरिक खुद भी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जब जनगणना कर्मचारी आपके घर आने वाले होते हैं तो उससे करीब 15 दिन पहले आपको अपनी जानकारी भरने की सुविधा मिलती है। आप अपने समय के अनुसार यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। डेटा सबमिट करने के बाद आपको एक यूनिक आईडी मिलती है। यह आईडी मोबाइल या ईमेल पर भेजी जाती है। बाद में जब कर्मचारी घर आता है तो आप यही आईडी दिखाकर जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं। इससे बार-बार जानकारी देने की जरूरत खत्म हो जाती है।

बुद्ध पूर्णिमा का संदेश

पीएम ने अपने संबोधन में आने वाली बुद्ध पूर्णिमा का भी जिक्र किया। उन्होंने देशवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्धका जीवन आज भी बेहद प्रासंगिक है। उनका संदेश हमें सिखाता है कि शांति बाहर नहीं बल्कि हमारे भीतर से शुरू होती है। पीएम ने कहा कि खुद पर नियंत्रण और आत्मविजय सबसे बड़ी जीत होती है। आज के समय में यह संदेश और भी महत्वपूर्ण हो जाता है।

कच्छ बना ‘फ्लेमिंगो सिटी’

पीएम मोदी ने पर्यावरण संरक्षण का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि रण ऑफ कच्छ में हर साल लाखों फ्लेमिंगो पक्षी आते हैं। बरसात के बाद पूरा इलाका गुलाबी रंग में रंग जाता है। इसी वजह से इसे ‘फ्लेमिंगो सिटी’ कहा जाता है। स्थानीय लोग इन पक्षियों को ‘लाखा जी के बाराती’ कहते हैं। पीएम ने कहा कि यह दृश्य न सिर्फ सुंदर है बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी बड़ा प्रतीक है।

विंड एनर्जी में भारत की छलांग

पीएम ने भारत की बढ़ती ऊर्जा क्षमता पर भी बात की। उन्होंने कहा कि देश में विंड एनर्जी तेजी से आगे बढ़ रही है। आज भारत की विंड एनर्जी जनरेशन क्षमता 56 गीगावॉट से ज्यादा हो चुकी है। पिछले एक साल में ही करीब छह गीगावॉट नई क्षमता जुड़ी है। उन्होंने कहा कि दुनिया अब भारत की इस उपलब्धि को देख रही है। यह देश के ग्रीन फ्यूचर की ओर एक बड़ा कदम है।

राज्यों में बन रहे रिन्यूएबल एनर्जी हब

पीएम ने बताया कि गुजरात, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्य इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। कच्छ, पाटन और बनासकांठा जैसे इलाके, जहां पहले रेगिस्तान था। अब रिन्यूएबल एनर्जी पार्क बन गए हैं। इससे युवाओं को रोजगार मिल रहा है और नई स्किल्स विकसित हो रही हैं।

नॉर्थईस्ट में बांस सेक्टर को मिला बढ़ावा

पीएम मोदी ने नॉर्थईस्ट के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 2017 में कानून में बदलाव कर बांस को पेड़ की कैटेगरी से बाहर किया गया। इस फैसले के बाद बांस से जुड़े कारोबार को नई गति मिली है। आज पूरे नॉर्थईस्ट में बंबू सेक्टर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के नए अवसर मिल रहे हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।