नागपुर में एयरफोर्स अफसर की पत्नी से रेप का आरोप: जबरन धर्मांतरण की कोशिश, पूर्व क्लासमेट पर केस दर्ज

महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की पत्नी के साथ कथित रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण की कोशिश का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में सामने आए एक वीडियो ने भी जांच एजेंसियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। वीडियो में महिला रोते हुए खुद को छोड़ देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है। जबकि आरोपी उस पर कथित धार्मिक रस्में कराने का प्रयास करता नजर आ रहा है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अयाज ताज मदारे पीड़िता का पूर्व स्कूल क्लासमेट है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने पहले दोस्ती और व्यावसायिक संपर्क का सहारा लेकर महिला के करीब पहुंचने की कोशिश की। पीड़िता प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करती है। जबकि उसके पति भारतीय वायुसेना में तैनात हैं। उस समय दूसरे शहर में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान आरोपी ने प्लॉट खरीदने के बहाने संपर्क बढ़ाया। बाद में कथित रूप से उसे एक होटल में बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाया।
आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
एफआईआर के मुताबिक, महिला ने आरोप लगाया है कि बेहोशी की हालत में उसके साथ रेप किया गया। उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें तथा वीडियो रिकॉर्ड किए गए। बाद में इन्हीं वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया गया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने कई बार यौन शोषण किया। धमकी देकर उससे लाखों रुपये भी वसूल लिए। पीड़िता का दावा है कि उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने के लिए मजबूर किया गया।
‘कबूल है’ कहलवाकर निकाह का दावा
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि 31 मई को उसे नागपुर के निकट एक स्थान पर ले जाया गया। जहां अन्य लोगों की मौजूदगी में कथित धार्मिक प्रक्रिया कराई गई। आरोप है कि वहां उससे जबरन ‘कबूल है’ कहलवाया गया। बाद में उसे बताया गया कि उसका निकाह आरोपी के साथ हो चुका है। पीड़िता का कहना है कि उसने पूरी प्रक्रिया का विरोध किया। लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़िता के अनुसार, 13 जून को जब उसके पति ड्यूटी से घर लौटे, तब उसने पूरी घटना की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद दोनों ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रेप, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, जबरन धर्मांतरण और अंधश्रद्धा विरोधी कानून की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
फोरेंसिक जांच के लिए जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
जांच अधिकारियों ने आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर लिए हैं। इनकी फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। इससे वीडियो, चैट और डिजिटल साक्ष्यों की सत्यता की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









