सड़क हादसे ने छीनी परिवार की तीन पीढ़ियां: मासूमों समेत एक ही घर के 6 लोगों की मौत, मुकाम धाम से लौट रहा था परिवार

हरियाणा के फतेहाबाद जिले के एक परिवार के लिए धार्मिक यात्रा मातम में बदल गई। राजस्थान के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसके परखच्चे कई मीटर दूर तक बिखर गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, फतेहाबाद जिले के मताना गांव निवासी ओमप्रकाश अपने परिवार के साथ बीकानेर स्थित प्रसिद्ध मुकाम धाम में दर्शन करने गए थे। सोमवार सुबह दर्शन के बाद वे अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के हेमासर गांव के पास उनकी कार की सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई। उसमें सवार अधिकांश लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सड़क पर दुर्घटना के निशान और टायरों के घिसटने के गहरे निशान हादसे की भयावहता बयां कर रहे थे।
15 दिन पहले ही हुए थे सेवानिवृत्त
इस हादसे में फतेहाबाद के डीडीपीओ कार्यालय से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए सीनियर लेखाकार ओमप्रकाश, उनकी पत्नी सोरमा देवी, बेटी प्रमिला, चार वर्षीय पोते रोनित और दो दोहतियों यशवी और खुशी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरी दोहती तन्वी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे प्राथमिक इलाज के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया है। गांव के लोगों के अनुसार, ओमप्रकाश 31 मई को ही अपने पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद यह उनकी पहली धार्मिक यात्रा थी। परिवार और गांव के लोगों में उनकी छवि एक मिलनसार और धार्मिक व्यक्ति की थी। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
हर अमावस्या पर जाते थे मुकाम धाम
परिजनों ने बताया कि ओमप्रकाश की मुकाम धाम में गहरी आस्था थी। वे लगभग हर अमावस्या पर वहां दर्शन करने जाते थे। रविवार को पूरा परिवार दर्शन के लिए रवाना हुआ था। सोमवार सुबह पूजा-अर्चना करने के बाद वापस लौट रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह यात्रा उनकी अंतिम यात्रा साबित होगी।
सदमे में परिजन
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण श्रीडूंगरगढ़ के लिए रवाना हो गए। मताना गांव में शोक का माहौल है। हर घर में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह दुर्घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की आवश्यकता को रेखांकित करती है। धार्मिक यात्रा पर निकला परिवार कुछ ही पलों में काल के गाल में समा गया। जिससे पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और संवेदना का माहौल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









