सूरत में डॉक्टर की मौत के मामले में बड़ा एक्शन: रैगिंग के आरोप में चार सीनियर सस्पेंड, नौ जूनियर डॉक्टरों के बयान पर हुई कार्रवाई

रैगिंग के आरोप में चार सीनियर सस्पेंड, नौ जूनियर डॉक्टरों के बयान पर हुई कार्रवाई

न्यू सिविल अस्पताल के हॉस्टल में डॉ. हर्ष पंड्या की आत्महत्या के बाद सामने आए रैगिंग के आरोपों पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की जांच और जूनियर छात्रों की लिखित शिकायतों के आधार पर चार सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को छह महीने के लिए निलंबित किया गया है। इस अवधि में चारों डॉक्टर अस्पताल की सेवाओं, हॉस्टल और किसी भी शैक्षणिक गतिविधि से पूरी तरह बाहर रहेंगे।

मामले की जांच के दौरान एंटी रैगिंग कमेटी ने करीब नौ जूनियर छात्रों से आमने-सामने पूछताछ की। छात्रों ने सीनियर डॉक्टरों पर प्रताड़ना और रैगिंग से जुड़े आरोप लगाते हुए कमेटी के समक्ष लिखित शिकायतें दीं। जांच में शिकायतें सही पाए जाने के बाद कॉलेज काउंसिल ने अनुशासनात्मक कार्रवाई का निर्णय लिया। निलंबित डॉक्टरों में डॉ. निराली वसावा, डॉ. अनुज माहेश्वरी, डॉ. दीक्षिताबेन सेसरियन और डॉ. हिना भूत शामिल हैं। प्रशासन के आदेश के मुताबिक, अगले छह महीने तक ये डॉक्टर अस्पताल में काम नहीं कर सकेंगे। उन्हें हॉस्टल में रहने और किसी भी तरह की टीचिंग एक्टिविटी में शामिल होने से भी रोक दिया गया है।

विभागीय स्तर पर भी मांगा गया जवाब

प्रशासन ने रैगिंग से जुड़े मामले में फैकल्टी की भूमिका और संभावित लापरवाही को लेकर भी कदम उठाया है। माइक्रोबायोलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ. सुमैया मुल्ला सहित डॉ. संगीता राजदे, डॉ. योगिता मिस्त्री और डॉ. लतिका पुरोहित को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कॉलेज काउंसिल ने कार्रवाई की रिपोर्ट को मंजूरी देने के बाद इसे राज्य सरकार को भी भेज दिया है।

आत्महत्या से रैगिंग के संबंध की जांच जारी

डॉ. हर्ष पंड्या की मौत और रैगिंग के आरोपों के बीच संबंध को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। कॉलेज प्रशासन और आंतरिक जांच दल का कहना है कि दोनों घटनाओं के बीच सीधे संबंध की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में पुलिस की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज होने की संभावना भी जताई गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।