लाइवतमिलनाडु में 234 सीटों पर एक चरण में वोटिंग शुरू: शाम पांच बजे तक 82.24% मतदान, रजनीकांत-कमल हासन ने डाला वोट

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह सात बजे से सभी 234 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। राज्य के 5.67 करोड़ मतदाता नई सरकार चुनने के लिए वोट डाल रहे हैं। यह चुनाव काफी अहम माना जा रहा है। इससे तय होगा कि एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली सरकार दोबारा सत्ता में लौटेगी या विपक्ष कोई बड़ा उलटफेर करेगा। राज्यभर में मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। कई जगहों पर लंबी कतारें लगी हैं। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
तमिलनाडु में शाम साढ़ें पांच बजे तक 82.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह आंकड़ा मतदाताओं के उत्साह को दिखाता है। चेन्नई में भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली है। यहां दोपहर तीन बजे तक 68.13 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड की गई। ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में मतदान का रुझान सकारात्मक रहा है। कई जिलों में मतदान प्रतिशत तेजी से बढ़ा है। अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सत्ता और विपक्ष के बीच कड़ा मुकाबला
इस बार चुनाव में मुकाबला काफी दिलचस्प है। एक तरफ सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम है, तो दूसरी तरफ एआईएडीएमके और भारतीय जनता पार्टी का गठबंधन मैदान में है। इसके अलावा नई पार्टी टीवीके भी चुनावी मुकाबले को रोचक बना रही है। सभी दलों ने जोरदार प्रचार किया है और अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है।
टीवीके ने वोटिंग समय बढ़ाने की मांग उठाई
मतदान के बीच टीवीके ने वोटिंग समय बढ़ाने की मांग की है। पार्टी के महासचिव एन. आनंद ने कहा कि कई इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम के कारण लोग समय पर मतदान केंद्र नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने खासतौर पर गुडुवनचेरी और चेंगलपट्टू का जिक्र किया। उनका कहना है कि ऐसे हालात में मतदान का समय बढ़ाकर रात आठ बजे तक किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर मुख्य चुनाव अधिकारी अर्चना पटनायक से बात हुई है और इस पर विचार किया जा रहा है।
राजनीतिक दिग्गज भी पहुंचे मतदान केंद्र
मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने परिवार के साथ वोट डाला। उनके साथ उदयनिधि स्टालिन भी मौजूद रहे। एआईएडीएमके नेता एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने भी मतदान किया। उन्होंने लोगों से ज्यादा संख्या में वोट डालने की अपील की। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने शिवगंगा में वोट डाला। उन्होंने युवाओं के उत्साह की तारीफ की।
मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें
चेन्नई समेत कई शहरों में सुबह से ही लंबी लाइनें दिखीं। लोग जल्दी पहुंचकर वोट डालना चाहते हैं। कई जगह युवाओं की भागीदारी ज्यादा नजर आई। पहली बार वोट डालने वाले मतदाता भी उत्साहित दिखे। कुल 14 लाख से ज्यादा नए वोटर इस चुनाव में शामिल हैं।

महिला और युवा मतदाताओं पर फोकस
राज्य में महिला मतदाताओं की संख्या भी बड़ी है। करीब 2.93 करोड़ महिला वोटर हैं। राजनीतिक दलों का फोकस इन्हीं पर है। उपमुख्यमंत्री की पत्नी कृतिगा उदयनिधि ने लोगों से बाहर निकलकर वोट डालने की अपील की। उन्होंने इसे जिम्मेदारी बताया।
प्रधानमंत्री की अपील
नरेंद्र मोदी ने लोगों से रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से खास तौर पर वोट डालने को कहा। इसे लोकतंत्र का उत्सव बताया।
कड़ा मुकाबला, कई दल मैदान में
इस बार मुकाबला दिलचस्प है। सत्ताधारी डीएमके के सामने एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन है। इसके अलावा मक्कल नीधि मय्यम और नई पार्टी टीवीके भी मैदान में हैं। सभी दल जीत का दावा कर रहे हैं। चुनावी माहौल हाई वोल्टेज बना हुआ है।
भारी सुरक्षा और व्यापक इंतजाम
चुनाव के लिए 1.20 लाख पुलिसकर्मी तैनात हैं। 3.40 लाख सरकारी कर्मचारी ड्यूटी पर हैं। मतदान शांतिपूर्ण कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है। पोस्टल बैलेट की भी व्यवस्था है। चार लाख से ज्यादा डाक मत पहले ही मिल चुके हैं।











