असम-अरुणाचल सीमा पर फायरिंग से तनाव: 8 ग्रामीण घायल; 7 की हालत गंभीर, जमीन पर कब्जे के आरोप के बाद बढ़ा विवाद

8 ग्रामीण घायल; 7 की हालत गंभीर, जमीन पर कब्जे के आरोप के बाद बढ़ा विवाद

असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा पर जमीन को लेकर चल रहा विवाद सोमवार को हिंसक टकराव में बदल गया। धेमाजी जिले के मिंगमांग बदती इंटर-स्टेट बॉर्डर पर अरुणाचल प्रदेश की ओर से आए अज्ञात हमलावरों ने असम के ग्रामीणों पर कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना में आठ ग्रामीण घायल हुए हैं। इनमें सात की हालत गंभीर बताई गई है। फायरिंग की घटना के बाद दोनों राज्यों के सीमा क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

एक सीनियर अधिकारी के मुताबिक, घटना सुबह मिंगमांग बस्ती के पास हुई। बताया गया कि असम की जमीन पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों द्वारा कथित कब्जे को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। बातचीत और विवाद के बीच स्थिति बिगड़ गई और मामला फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि सीमा पार से आए हमलावरों ने असम के ग्रामीणों को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। फायरिंग में दुर्गेश्वर पातिर, रोहित डोले, नागराज डोले, बिगेश्वर पातिर, पामे पेगु, संजय तयुंग, उत्पल डोले और जान डोले घायल हुए। सभी घायलों को पहले गोगामुख रूरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर सात घायलों को धेमाजी सिविल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।

दोनों राज्यों के मुख्य सचिव कर रहे बातचीत

घटना की जानकारी मिलने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के मुख्य सचिव आपस में बातचीत कर रहे हैं। तनाव कम करने के लिए पुलिस महानिदेशक भी समन्वय कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि असम पुलिस की अतिरिक्त मदद मौके पर पहुंच गई है। सरमा ने कहा कि स्थिति को शांत करना जरूरी है। उन्होंने असम पुलिस को निर्देश दिया है कि राज्य की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और किसी भी परिस्थिति में असम की एक इंच जमीन भी नहीं गंवानी चाहिए।

सीमा को लेकर दशकों से मतभेद

असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा को लेकर दशकों से मतभेद रहे हैं। दोनों राज्य बातचीत और सीमांकन की प्रक्रिया के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सीमा से जुड़े कई इलाके अभी भी संवेदनशील हैं। फायरिंग के बाद इन क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।