मजदूरों से भरी पिकअप और ट्रक में भीषण भिड़ंत: चार की मौत; 25 घायल, कई घायलों की हालत गंभीर

छिंदवाड़ा-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, करीब 25 लोग घायल हो गए। हादसा टेमनी खुर्द के पास उस समय हुआ, जब मजदूरों से भरे एक पिकअप वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार कई लोग सड़क किनारे दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। टक्कर के प्रभाव से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। वहीं, करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए और पुलिस तथा एम्बुलेंस को सूचना दी गई।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
सूचना पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की भिड़ंत को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









