कांस में ऐश्वर्या के लुक्स पर छिड़ी बहस: सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बीच कंगना ने किया समर्थन, “उम्रदराज महिलाओं को देखने की आदत डालिए”

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन को सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है। कांस फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या राय के लुक्स को लेकर हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने कहा कि उम्रदराज महिलाओं को रेड कार्पेट पर देखने की आदत लोगों को अब डाल लेनी चाहिए। कंगना का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फिल्म इंडस्ट्री में नए बहस का विषय बन गया है।
दरअसल, ऐश्वर्या राय हर साल की तरह इस बार भी प्रतिष्ठित कांस फिल्म फेस्टिवल का हिस्सा बनीं। रेड कार्पेट पर उनकी मौजूदगी ने एक बार फिर ग्लोबल मीडिया का ध्यान खींचा। हालांकि सोशल मीडिया पर जहां एक ओर उनके स्टाइल और ग्लोबल स्टारडम की तारीफ हुई, वहीं कुछ यूजर्स ने उनके लुक्स और बढ़ती उम्र को लेकर तंज कसना शुरू कर दिया। ट्रोलिंग बढ़ने के बाद कंगना रनोट ने खुलकर ऐश्वर्या का समर्थन किया और ट्रोलर्स को आड़े हाथों लिया। कंगना ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर ऐश्वर्या की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि फैशन और स्टाइल किसी व्यक्ति की निजी पहचान और अभिव्यक्ति का माध्यम होता है। उन्होंने कहा कि कोई भी महिला किसी को खुश करने या खुद को साबित करने के लिए बाध्य नहीं है। कंगना ने आगे लिखा कि ऐश्वर्या बेहद खूबसूरत लग रही हैं और जो लोग उन्हें किसी दूसरे रूप में देखना चाहते हैं, उन्हें पहले खुद अपनी उपलब्धियां दिखानी चाहिए।
कंगना के बयान ने सोशल मीडिया पर छेड़ी नई बहस
कंगना ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि अगर लोगों को रेड कार्पेट पर उम्रदराज महिलाओं को देखने की आदत नहीं है, तो अब उन्हें इसकी आदत डाल लेनी चाहिए। उनका यह बयान महिलाओं की एजिंग, ब्यूटी स्टैंडर्ड और सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर बड़ी बहस को जन्म दे रहा है। कई यूजर्स ने कंगना के बयान का समर्थन किया, जबकि कुछ लोगों ने उनके पुराने बयानों को लेकर सवाल भी उठाए।
कंगना ने जया बच्चन को बताया था अहंकारी
दरअसल, कंगना पहले कई मौकों पर सीनियर अभिनेत्री और सांसद जया बच्चन पर तीखी टिप्पणी कर चुकी हैं। कभी उन्होंने संसद में दिए बयान को लेकर जया बच्चन को अहंकारी बताया था, तो कभी कहा था कि लोग उन्हें सिर्फ अमिताभ बच्चन की पत्नी होने की वजह से सहन करते हैं। ऐसे में अब ऐश्वर्या राय के समर्थन में दिया गया उनका बयान सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
कांस में ऐश्वर्या ने फिर साबित किया स्टारडम
इस साल कांस फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या राय की एंट्री को लेकर भी काफी चर्चा रही। वह हर साल की तरह इस बार भी एल ओरियल पेरिस की ब्रांड एंबेसडर के रूप में शामिल हुईं। हालांकि इस बार उनसे पहले अभिनेत्री आलिया भट्ट के कांस पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई थी कि ऐश्वर्या को रिप्लेस किया जा रहा है। लेकिन क्लोजिंग सेरेमनी से पहले कांस पहुंचकर ऐश्वर्या ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया। ऐश्वर्या राय ने डिजाइनर अमित अग्रवाल के खास गाउन में रेड कार्पेट पर वॉक किया, जिसने फैशन जगत का ध्यान खींचा। बाद में वह ब्लश पिंक ड्रेस में भी नजर आईं। इस दौरान उनकी बेटी आराध्या बच्चन भी उनके साथ मौजूद रहीं। मां-बेटी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुईं और फैंस ने दोनों की जमकर तारीफ की।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









