'अल्फा' का दमदार टीजर आउट: एक्शन अवतार में छाईं आलिया भट्ट, सोशल मीडिया पर मची हलचल

हिंदी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की नई पेशकश ‘अल्फा’ का टीजर बुधवार को रिलीज कर दिया गया। करीब एक मिनट 55 सेकेंड के इस टीजर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। फिल्म में अभिनेत्री आलिया भट्ट एक ऐसे किरदार में नजर आ रही हैं, जिसे अब तक उनके प्रशंसकों ने बड़े पर्दे पर नहीं देखा है। दमदार एक्शन, हाई-ऑक्टेन स्टंट्स और देशभक्ति की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में आलिया एक प्रशिक्षित एजेंट की भूमिका निभा रही हैं। टीजर में उनके एक्शन सीक्वेंस और स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
फिल्म की कहानी एक युवा महिला के इर्द-गिर्द घूमती है। जिसे बचपन से ही एक विशेष मिशन के लिए तैयार किया जाता है। टीजर में दिखाया गया है कि उसके पिता, जिनका किरदार अभिनेता बॉबी देओल निभा रहे हैं। उसे ‘अल्फा’ नाम के एक गुप्त कार्यक्रम से परिचित कराते हैं। यह कार्यक्रम भारत की अगली पीढ़ी के विशेष सैनिकों और जासूसों को तैयार करने के उद्देश्य से बनाया गया है। कहानी में देश की सुरक्षा, खुफिया मिशन और आधुनिक युद्ध तकनीकों का मिश्रण दिखाई देता है, जो इसे स्पाई थ्रिलर शैली की एक बड़ी फिल्म बनाता है।
स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म
‘अल्फा’ यशराज फिल्म्स के लोकप्रिय स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। यह इस फ्रेंचाइजी की पहली ऐसी फिल्म है, जिसमें महिला किरदार को केंद्र में रखा गया है। फिल्म में आलिया भट्ट के अलावा शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, ‘वॉर’ के लोकप्रिय किरदार कबीर के रूप में अभिनेता ऋतिक रोशन का कैमियो भी दर्शकों के लिए बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। इसे तीन जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
बॉबी देओल ने खारिज की अनबन की चर्चाएं
फिल्म की शूटिंग के दौरान आलिया भट्ट और बॉबी देओल के बीच कथित अनबन की खबरें भी सामने आई थीं। हालांकि हाल ही में एक टीवी कार्यक्रम में बॉबी देओल ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अक्सर बिना किसी आधार के अफवाहें फैलाई जाती हैं। बॉबी ने आलिया की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें बेहद मेहनती, पेशेवर और प्रतिभाशाली अभिनेत्री बताया। उन्होंने कहा कि एक्शन सीक्वेंस की तैयारी के मामले में आलिया की प्रतिबद्धता काबिल-ए-तारीफ है।
‘अल्फा’ के बाद ‘पठान 2’ और ‘टाइगर वर्सेस पठान’ पर नजर
स्पाई यूनिवर्स के विस्तार को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। ‘अल्फा’ के बाद ‘पठान 2’ और ‘टाइगर वर्सेस पठान’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहरुख खान अभिनीत ‘पठान 2’ की स्क्रिप्ट लगभग तैयार हो चुकी है। इसे स्पाई यूनिवर्स की आठवीं फिल्म माना जा रहा है। वहीं सलमान खान और शाहरुख खान को एक साथ लाने वाली ‘टाइगर वर्सेस पठान’ को लेकर फिलहाल आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। हालांकि सूत्रों का दावा है कि परियोजना को बंद नहीं किया गया है। भविष्य की रणनीति के तहत कुछ समय के लिए होल्ड पर रखा गया है। ‘अल्फा’ के टीजर को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया ने यह संकेत दे दिया है कि यशराज फिल्म्स अपने स्पाई यूनिवर्स को और बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी में है। अब दर्शकों की नजरें तीन जुलाई पर टिकी हैं। जब आलिया भट्ट पहली बार एक पूर्ण एक्शन स्पाई के रूप में बड़े पर्दे पर दिखाई देंगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









