आलिया भट्ट से अनबन की खबरों पर बॉबी देओल ने तोड़ी चुप्पी: बोले- लोग कुछ भी लिख देते हैं, आलिया बेहद प्रोफेशनल और मेहनती कलाकार

20 घंटे पहले
बोले- लोग कुछ भी लिख देते हैं, आलिया बेहद प्रोफेशनल और मेहनती कलाकार

अभिनेता बॉबी देओल ने आखिरकार उन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। जिनमें दावा किया जा रहा था कि आगामी फिल्म ‘अल्फा’ की शूटिंग के दौरान उनकी और अभिनेत्री आलिया भट्ट के बीच अनबन हो गई थी। लंबे समय से सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में चल रही इन अटकलों को खारिज किया। बॉबी देओल ने स्पष्ट कहा कि यह महज अफवाह है और इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बिना किसी तथ्य के भी कहानियां गढ़ दी जाती हैं। जिन्हें लोग सच मान लेते हैं।

अपनी आगामी फिल्म ‘बंदर’ के प्रमोशन के सिलसिले में एक टीवी कार्यक्रम में पहुंचे बॉबी देओल ने इस मुद्दे पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पहली बार अपने और आलिया भट्ट के कथित विवाद की खबर पढ़ी, तो वह खुद भी हैरान रह गए थे। बॉबी ने कहा कि कुछ लोग बिना किसी आधार के खबरें बना देते हैं। फिर वही खबरें तेजी से वायरल हो जाती हैं। उन्होंने हंसते हुए कहा कि लोग इतने खाली हैं। कुछ भी लिखकर चर्चा का विषय बना देते हैं।

आलिया की तारीफ में कही बड़ी बात

बॉबी देओल ने बातचीत के दौरान आलिया भट्ट की जमकर सराहना भी की। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्हें रणबीर कपूर के साथ काम करने का अवसर मिला था। उसके बाद जब उन्हें आलिया भट्ट के साथ फिल्म करने का मौका मिला तो वह बेहद खुश हुए। बॉबी के मुताबिक, रणबीर और आलिया दोनों ही उनके पसंदीदा कलाकारों में शामिल हैं। उनके साथ काम करना किसी शानदार अनुभव से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि आलिया बेहद प्रतिभाशाली, मेहनती और अनुशासित अभिनेत्री हैं। किसी भी एक्शन या फाइट सीक्वेंस की तैयारी के लिए वह पूरी तरह समर्पित रहती हैं। अपने काम को लेकर बेहद गंभीर हैं। बॉबी ने कहा कि उनके साथ काम करते हुए उन्हें हमेशा सकारात्मक अनुभव मिला। दोनों के बीच किसी तरह का मतभेद कभी नहीं हुआ।

सोशल मीडिया की अफवाहों पर जताई नाराजगी

बॉबी देओल ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में छोटी-सी बात को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है। उन्होंने बताया कि अफवाहों में यहां तक कहा गया कि वह इतने नाराज हो गए थे कि निर्माता आदित्य चोपड़ा को उन्हें मनाने के लिए दूसरी फिल्म ऑफर करनी पड़ी। अभिनेता ने कहा कि ऐसी खबरों का जवाब देने के लिए वह हर व्यक्ति के पास जाकर सफाई नहीं दे सकते। उन्होंने कहा कि अधिकांश ऑनलाइन कहानियों में सच्चाई बहुत कम और कल्पना ज्यादा होती है।

क्या थी विवाद की चर्चा?

दरअसल, कुछ महीने पहले एक दक्षिण भारतीय मनोरंजन वेबसाइट की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि फिल्म ‘अल्फा’ के सेट पर आलिया भट्ट और बॉबी देओल के बीच कई बार मतभेद हुए। रिपोर्ट में कहा गया था कि कुछ दृश्यों को लेकर दोनों कलाकारों के बीच बहस हुई। स्थिति को संभालने के लिए निर्माता आदित्य चोपड़ा को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि इन दावों की कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। अब स्वयं बॉबी देओल ने इन्हें पूरी तरह निराधार बता दिया है।

‘अल्फा’ और ‘बंदर’ को लेकर उत्साह

यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। यह स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान फिल्म होगी। जिसमें आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल कर रहे हैं। यह तीन जुलाई को रिलीज होने वाली है। वहीं बॉबी देओल की अगली फिल्म ‘बंदर’ भी चर्चा में बनी हुई है। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी यह फिल्म पांच जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में बॉबी एक ऐसे संगीतकार की भूमिका निभा रहे हैं। जो अपने करियर को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश में कई चुनौतियों और विवादों का सामना करता है। फिल्म में सपना पब्बी और सबा आजाद भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।