बेटे की कब्र पर टूटा सेलिना जेटली का दर्द: बोलीं- मुझे अपने ही बच्चों से मिलने नहीं दिया, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल

07 मई 2026
बोलीं- मुझे अपने ही बच्चों से मिलने नहीं दिया, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल

बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलिना जेटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी के सबसे कठिन दौर से गुजर रही हैं। तलाक, बच्चों से दूरी और पारिवारिक विवादों के बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर ऐसा दर्द साझा किया, जिसने फैंस को भावुक कर दिया। ऑस्ट्रिया पहुंचीं सेलिना अपने दिवंगत बेटे की कब्र पर फूट-फूटकर रोती नजर आईं। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने तीनों बच्चों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा है।

सेलिना जेटली इन दिनों ऑस्ट्रिया में हैं। वहां उनकी तलाक से जुड़ी कानूनी सुनवाई चल रही है। इसी दौरान उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कब्रिस्तान का एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में वह अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र के पास बैठी दिखाई दीं। कभी कब्र साफ करतीं, कभी उस पर पोछा लगातीं और फिर रो पड़तीं। वीडियो के साथ उन्होंने लंबा भावुक नोट भी लिखा। सेलिना ने कहा कि पिछले दो हफ्ते उनकी जिंदगी के सबसे “ब्रूटल” और दर्दनाक दिन रहे। अदालत में पेश होने के बावजूद उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जिस एक बच्चे से वह मिल पाईं, वह उनका दिवंगत बेटा शमशेर था।

“मेरे बच्चों को मुझसे दूर किया जा रहा”

सेलिना ने आरोप लगाया कि उनके बच्चों को उनसे दूर रखने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है। इतना ही नहीं, उन्हें मानसिक रूप से प्रभावित भी किया जा रहा है ताकि वे मां से सामान्य तरीके से बात न कर सकें। एक्ट्रेस ने लिखा कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी परिवार और बच्चों के लिए समर्पित कर दी। शादी के बाद उन्होंने भारत छोड़ा। पति के करियर को सपोर्ट करने के लिए दुबई, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया तक शिफ्ट होती रहीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बच्चों की परवरिश अकेले की, लेकिन बदले में उन्हें अपमान और मानसिक पीड़ा मिली।

शादी से पहले की संपत्ति को लेकर विवाद

सेलिना ने अपने पोस्ट में यह भी दावा किया कि तलाक के दौरान उनकी शादी से पहले की संपत्तियों को भी छीना जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार आपसी सहमति से अलग होने की कोशिश की, लेकिन बदले में अनुचित शर्तें सामने रखी गईं। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रिया की फैमिली कोर्ट ने संयुक्त कस्टडी का आदेश दिया था, फिर भी उन्हें बच्चों से बात करने तक की अनुमति नहीं दी जा रही। यह स्थिति उन्हें अंदर से तोड़ चुकी है। सेलिना के मुताबिक सितंबर में उनके पति ने अचानक तलाक का नोटिस दिया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बहाने से पोस्ट ऑफिस ले जाया गया, जहां उन्हें तलाक से जुड़े दस्तावेज दिए गए। इसके बाद विवाद लगातार बढ़ता चला गया।

बोलीं- मुझे अपने ही बच्चों से मिलने नहीं दिया, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल

बेटे की मौत ने पहले ही तोड़ दिया था परिवार

सेलिना जेटली ने साल 2010 में पीटर हाग से शादी की थी। शादी के बाद उन्होंने दो बार जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। साल 2017 में जन्मे जुड़वां बच्चों में से एक बेटे शमशेर की जन्म के कुछ समय बाद ही मौत हो गई थी। बच्चे को हाइपोप्लास्टिक हार्ट कंडीशन थी। इस हादसे ने सेलिना को पहले ही गहरा सदमा दिया था। अब तलाक और बच्चों से दूरी ने उनकी तकलीफ और बढ़ा दी है। फिलहाल उनके तीन बच्चे विंस्टन, विराज और आर्थर हैं।

घरेलू हिंसा का मामला भी दर्ज

बीते साल नवंबर में सेलिना ने अपने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट की शिकायत भी दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से मानसिक दबाव झेल रही थीं। सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल होने के बाद फैंस लगातार उन्हें हिम्मत दे रहे हैं। कई लोगों ने कहा कि एक मां का दर्द शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। वहीं कुछ यूजर्स ने बच्चों को लेकर चल रहे विवाद पर चिंता भी जताई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।