प्रमोशनल इवेंट में सुरक्षा घेरा तोड़कर स्टेज तक पहुंचा फैन: राम चरण ने बुलाकर की मुलाकात, सहम गईं जाह्नवी कपूर

विजयवाड़ा में साउथ सुपरस्टार राम चरण की आगामी फिल्म 'पेद्दी' के प्रमोशनल इवेंट के दौरान हलचल मच गई। एक फैन सुरक्षा घेरा तोड़कर अचानक स्टेज की ओर दौड़ पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। जिसमें राम चरण जैसा दिखने वाला एक युवक अभिनेता तक पहुंचने की कोशिश करता नजर आया। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाई। उसे बीच रास्ते में ही रोक लिया और मंच से दूर ले गए। घटना के दौरान मंच पर मौजूद अभिनेत्री जाह्नवी कपूर भी कुछ क्षणों के लिए घबरा गईं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई।
हालांकि इस घटनाक्रम का सबसे भावुक पहलू बाद में देखने को मिला। जब राम चरण ने उस फैन को अलग से मिलने के लिए बुलाया। सुरक्षा मानकों के बीच आयोजित इस मुलाकात में अभिनेता ने अपने प्रशंसक से बातचीत की। उसे शांत किया और उसके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। अभिनेता से मुलाकात के दौरान फैन काफी भावुक हो गया। उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। राम चरण ने सहजता और आत्मीयता के साथ उससे संवाद किया। जिसकी सोशल मीडिया पर भी खूब सराहना हो रही है।
बॉडीगार्ड की तत्परता से टला संभावित व्यवधान
जानकारी के अनुसार राम चरण और जाह्नवी कपूर अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेद्दी' के प्रचार के लिए विजयवाड़ा पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक एक युवक तेजी से मंच की ओर भागा। इससे पहले कि वह अभिनेता तक पहुंच पाता। राम चरण के निजी बॉडीगार्ड और पेशेवर एमएमए फाइटर केविन कुंटा ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे रोक लिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सुरक्षा कर्मी युवक को उठाकर मंच से बाहर ले जाते हैं। इस पूरी घटना के दौरान कार्यक्रम कुछ देर के लिए प्रभावित हुआ। लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
घटना के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
फैन के अचानक मंच तक पहुंचने की कोशिश के बाद आयोजकों और सुरक्षा एजेंसियों ने अतिरिक्त सतर्कता बरती। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ा दी गई। वीडियो में जाह्नवी कपूर घटना के दौरान असहज और चिंतित दिखाई दीं। सुरक्षा घेरा मजबूत किए जाने के बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। कलाकारों ने प्रशंसकों से संवाद भी किया।
खेल और संघर्ष की कहानी है 'पेद्दी'
राम चरण की आगामी फिल्म पेद्दी एक स्पोर्ट्स ड्रामा है, जो अपने सपनों और पहचान के लिए संघर्ष करने वाले एक युवक की कहानी पर आधारित है। फिल्म का निर्देशन बुच्ची बाबू सना ने किया है। इसमें राम चरण, जाह्नवी कपूर, शिव राजकुमार, दिव्येंदु और जगपति बाबू भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह देखा जा रहा है। प्रमोशनल कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंच रहे हैं। फिल्म चार जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।











