सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग केस: जैकलीन फर्नांडिस सरकारी गवाह बनने को तैयार, 200 करोड़ रुपये ठगी मामले में बड़ा मोड़

बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस ने 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सरकारी गवाह बनने की इच्छा जताई है। पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि वे जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं।
कोर्ट ने उनकी इस इच्छा पर संज्ञान लेते हुए निर्देश दिया है कि इसके लिए उन्हें पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष औपचारिक आवेदन देना होगा। यह हाई-प्रोफाइल मामला ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है।
ईडी के अनुसार, सुकेश चंद्रशेखर पर आरोप है कि उसने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की। जांच में यह भी सामने आया कि इस रकम का एक हिस्सा जैकलीन फर्नांडिस पर खर्च किया गया। इसी आधार पर ईडी ने जैकलीन को मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोपी बनाया था। पिछले कुछ समय से वे इस मामले में जांच का सामना कर रही हैं।
आरोपी से गवाह बनने की प्रक्रिया
जैकलीन ने कोर्ट के सामने प्रस्ताव रखा है कि वे सरकारी गवाह बनकर मामले की सच्चाई उजागर करना चाहती हैं। यदि ईडी उनकी अर्जी स्वीकार कर लेता है और अदालत इसकी अनुमति देती है तो वे आरोपी से सरकारी गवाह (एप्रूवर) बन सकती हैं।
कानूनी विशेषज्ञों के मुताबिक, इस स्थिति में उन्हें सजा में राहत या कानूनी कार्रवाई में छूट मिल सकती है। बशर्ते वे जांच एजेंसियों को ठोस और विश्वसनीय जानकारी दें।
महंगे गिफ्ट्स का खुलासा
ईडी की जांच में सामने आया कि सुकेश ने जैकलीन फर्नांडिस को कई महंगे उपहार दिए थे। जिनकी कुल कीमत करोड़ों में थी। इनमें शामिल हैं:
- कीमती ज्वैलरी और चार पर्शियन बिल्लियां
- लगभग 57 लाख रुपये का एक घोड़ा
- जैकलीन के माता-पिता को लगभग 1.89 करोड़ रुपये की लग्जरी कारें
- उनके भाई को एक एसयूवी
- बहन को लगभग 1.25 करोड़ रुपये की बीएमडब्लू कार











