छोटी बहन खुशी को नहीं मिला रोल: अब उसी फिल्म की लीड स्टार बनीं जाह्नवी कपूर, डायरेक्टर ने खुद बताई स्टोरी

18 मई 2026
अब उसी फिल्म की लीड स्टार बनीं जाह्नवी कपूर, डायरेक्टर ने खुद बताई स्टोरी

बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना चुकी जाह्नवी अब दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। इसी बीच उनकी अपकमिंग फिल्म ‘पेड्डी’ को लेकर एक दिलचस्प खुलासा सामने आया है। जिसने फिल्म इंडस्ट्री में नई चर्चा छेड़ दी है। खास बात यह है कि जिस फिल्म में अब जाह्नवी कपूर मुख्य भूमिका निभा रही हैं, वही रोल शुरुआत में उनकी छोटी बहन और अभिनेत्री खुशी कपूर को ऑफर किया गया था। हालांकि बाद में फिल्म के निर्देशक ने अपना फैसला बदल दिया और खुशी की जगह जाह्नवी को फिल्म में कास्ट कर लिया।

फिल्म ‘पेड्डी’ के निर्देशक बुची बाबू सना ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने फिल्म की कहानी खुशी कपूर को सुनाई थी और उन्हें इस किरदार के लिए उपयुक्त मान रहे थे। लेकिन जब उन्होंने खुशी को करीब से देखा और किरदार की मांग को ध्यान में रखा, तो उन्हें महसूस हुआ कि अभिनेत्री इस भूमिका के लिए उम्र में काफी छोटी लग रही हैं। निर्देशक ने कहा कि फिल्म के किरदार में एक खास परिपक्वता और स्क्रीन प्रेजेंस की जरूरत थी, जो उन्हें जाह्नवी कपूर में अधिक नजर आई। बुची बाबू सना ने बताया कि यह फैसला लेना उनके लिए आसान नहीं था। क्योंकि उन्हें एक ही परिवार की दो बहनों के बीच चयन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें जाह्नवी कपूर को वही कहानी सुनानी पड़ी, जो पहले खुशी को सुनाई गई थी। निर्देशक के मुताबिक, उन्होंने जाह्नवी से साफ तौर पर कहा कि उन्हें इस किरदार के लिए उनकी बहन नहीं, बल्कि वह खुद चाहिए। उन्होंने माना कि यह स्थिति थोड़ी असहज जरूर थी, लेकिन सिनेमा की जरूरतों के हिसाब से उन्हें यह फैसला लेना पड़ा।

साउथ सिनेमा में तेजी से बढ़ रहा जाह्नवी का दायरा

जाह्नवी कपूर इन दिनों दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से सक्रिय हो रही हैं। इससे पहले वह जूनियर एनटीआरके साथ फिल्म ‘देवरा’ में नजर आ चुकी हैं, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब ‘पेड्डी’ में वह साउथ सुपरस्टार राम चरण के साथ स्क्रीन शेयर करती दिखाई देंगी। फिल्म में जाह्नवी ‘अचियम्मा’ नाम के किरदार में नजर आएंगी, जिसे लेकर फैंस के बीच उत्साह बना हुआ है।

रिलीज डेट को लेकर भी बढ़ी चर्चा

स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ पहले 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी। किसी वजह से मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी। अब यह फिल्म चार जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को लेकर दक्षिण भारत के साथ-साथ हिंदी दर्शकों में भी अच्छा खासा उत्साह देखा जा रहा है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि राम चरण और जाह्नवी कपूर की जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर बड़ा असर डाल सकती है।

बहनों की तुलना पर फिर शुरू हुई चर्चा

इस पूरे घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर जाह्नवी और खुशी कपूर की तुलना शुरू हो गई है। कई यूजर्स का मानना है कि जाह्नवी अपने अनुभव और स्क्रीन प्रेजेंस के चलते इस भूमिका के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती हैं। वहीं कुछ लोग खुशी कपूर के समर्थन में भी नजर आए और कहा कि उन्हें खुद को साबित करने के लिए और मौके मिलने चाहिए। हालांकि दोनों बहनों की ओर से इस मामले पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें