‘टॉक्सिक’ पर फर्जी खबरों से नाराज कियारा आडवाणी: बोलीं- ‘बिल्कुल बकवास’, जल्द ही नई रिलीज डेट का ऐलान

बॉलीवुड एक्ट्रेस कियारा आडवाणी अपनी आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर चर्चा में हैं। लेकिन इस बार वजह फिल्म नहीं, बल्कि उससे जुड़ी फर्जी खबरें हैं। सोशल मीडिया पर कुछ रिपोर्ट्स वायरल हो रही थीं। इनमें दावा किया गया था कि कियारा ने फिल्म में अपने बोल्ड और रोमांटिक सीन्स हटाने या कम करने की मांग की है। इन खबरों पर अब खुद एक्ट्रेस ने रिएक्ट किया है। उन्होंने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है और इन्हें “बिल्कुल बकवास” बताया है।
दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि कियारा आडवाणी ने यश के साथ फिल्माए गए कुछ बोल्ड सीन्स को लेकर आपत्ति जताई। दावा यह भी था कि शूटिंग के बाद जब कियारा ने फाइनल आउटपुट देखा, तो वह असहज हो गईं। इसके बाद उन्होंने मेकर्स से उन सीन्स को ट्रिम करने की रिक्वेस्ट की।
लेकिन कियारा ने इन खबरों को सोशल मीडिया पर री-शेयर करते हुए साफ लिखा- “बिल्कुल बकवास।” उनके इस जवाब से साफ हो गया कि इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने बिना घुमाए-फिराए इन अफवाहों को खारिज कर दिया।
फिल्म में यश का डबल रोल
फिल्म ‘टॉक्सिक’ एक बड़े बजट की गैंगस्टर ड्रामा है। इसे गीतू मोहनदास डायरेक्ट कर रही हैं। इस फिल्म में यश डबल रोल में नजर आएंगे। उनके किरदारों के नाम ‘राया’ और ‘टिकट’ बताए जा रहे हैं। वहीं कियारा आडवाणी फिल्म में ‘नादिया’ का किरदार निभा रही हैं। इसके अलावा फिल्म में नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत जैसे बड़े स्टार्स भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। फिल्म की स्टारकास्ट और कहानी को लेकर पहले से ही काफी उत्साह बना हुआ है।
बार-बार टल रही है रिलीज डेट
फिल्म ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट को लेकर भी लगातार बदलाव हो रहे हैं। शुरुआत में इसे 10 अप्रैल 2025 को रिलीज करने की योजना थी। बाद में इसे 2026 तक टाल दिया गया। फिर 19 मार्च 2026 की तारीख सामने आई। लेकिन पश्चिम एशिया के हालात और दूसरी फिल्मों के साथ क्लैश से बचने के लिए इसे फिर आगे बढ़ा दिया गया। अब खबर है कि चार जून 2026 को भी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। मेकर्स जल्द ही नई रिलीज डेट का ऐलान कर सकते हैं। इस लगातार देरी से फैंस का इंतजार और लंबा हो गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर
आज के समय में फिल्मों को लेकर अफवाहें तेजी से फैलती हैं। खासकर बड़े स्टार्स से जुड़ी खबरें जल्दी वायरल हो जाती हैं। ‘टॉक्सिक’ के मामले में भी यही हुआ। बिना पुष्टि के खबरें चलने लगीं। लेकिन कियारा आडवाणी ने खुद सामने आकर इन पर विराम लगा दिया। उनका सीधा और स्पष्ट जवाब सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है।











