‘कुली नंबर 1’ विवाद पर वाशु भगनानी का बड़ा बयान: डेविड धवन पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- फिल्म से 27 करोड़ रुपये का हुआ नुकसान

बॉलीवुड निर्माता वाशु भगनानी ने निर्देशक डेविड धवन और अभिनेता वरुण धवन को लेकर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार को आयोजित एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में वाशु भगनानी ने आरोप लगाया कि साल 2020 में रिलीज हुई फिल्म कुली नंबर 1 से उन्हें करीब ₹27 करोड़ का नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माण और बजट की पूरी जिम्मेदारी डेविड धवन संभाल रहे थे, जबकि वह केवल नाम मात्र के प्रोड्यूसर बनकर रह गए थे। भगनानी ने यह भी कहा कि आर्थिक नुकसान के बाद वरुण धवन ने कभी उनका हालचाल तक नहीं पूछा, जिससे उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी काफी ठेस पहुंची।
विवाद की शुरुआत फिल्म है जवानी तो इश्क होना है में मशहूर गाने ‘चुनरी चुनरी’ के इस्तेमाल को लेकर हुई। इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण टिप्स इंडस्ट्रीज के बैनर तले किया जा रहा है। वाशु भगनानी ने दावा किया कि ‘बीवी नंबर 1’ के दौरान इस गाने के ऑडियो राइट्स टिप्स को बेचे गए थे, लेकिन वीडियो अधिकार उनकी कंपनी के पास थे। ऐसे में बिना अनुमति गाने के विजुअल इस्तेमाल करना गलत है। उन्होंने कहा कि अगर उनसे पहले बात की जाती तो वे आसानी से एनओसी दे देते।
‘बीवी नंबर 1’ पर भी हुई थी बातचीत
वाशु भगनानी ने बताया कि कोविड काल के दौरान ‘कुली नंबर 1’ की रिलीज के बाद जब फिल्म को भारी नुकसान हुआ, तब डेविड धवन ने भरोसा दिलाया था कि भविष्य में इस नुकसान की भरपाई की जाएगी। इसके बाद दोनों के बीच बीवी नंबर 1 से जुड़े नए प्रोजेक्ट पर बातचीत शुरू हुई थी। करीब छह महीने तक फिल्म की स्क्रिप्ट और प्लानिंग पर काम चलता रहा, लेकिन बाद में रोहित धवन ने उन्हें बताया कि स्क्रिप्ट अभी तैयार नहीं है। इसके बाद प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया।
कोर्ट तक पहुंचा मामला
वाशु भगनानी ने कहा कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि डेविड धवन और रमेश तौरानी एक नई फिल्म में उसी गाने का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कानूनी कदम उठाया। भगनानी की कंपनी ने बिहार के कटिहार कोर्ट में याचिका दायर की, जिसके बाद अदालत ने स्टेटस क्वो का आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कॉपीराइट का मामला नहीं, बल्कि वर्षों पुराने पेशेवर रिश्तों और भरोसे से जुड़ा मुद्दा भी है।
पुराने रिश्तों में आई दरार
गौरतलब है कि वाशु भगनानी और डेविड धवन की जोड़ी ने 90 के दशक में कई सुपरहिट फिल्में दी थीं, जिनमें हीरो नंबर 1, बड़े मियां छोटे मियां और बीवी नंबर 1 जैसी ब्लॉकबस्टर शामिल हैं। लेकिन हालिया विवाद ने बॉलीवुड के इस पुराने पेशेवर रिश्ते में खटास ला दी है। इंडस्ट्री में अब इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और सभी की नजर आने वाले कानूनी घटनाक्रम पर टिकी हुई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









